![]()
जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र में लकड़ी काटने के विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह घटना ग्राम जोराडोल, सुगापारा की है।
.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने बताया कि मृतक इंदबल मांझी (40 वर्ष) को 18 और 19 अक्टूबर को गांव के चार लोगों ने लकड़ी काटने को लेकर हुए विवाद में बुरी तरह पीटा था। मारपीट के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और खून की उल्टी होने लगी।
परिजन उसे इलाज के लिए अंबिकापुर स्थित शासकीय मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां 20 अक्टूबर को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर पत्थलगांव पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
मृतक की पत्नी कहा- हाथ-पैर और लाठी से किया हमला
जांच के दौरान मृतक की पत्नी सुनोबाई ने बयान दिया कि उसके पति के साथ गांव के हृदन उर्फ हिरदन साय (36 वर्ष), डोमन साय मांझी (33 वर्ष), अशोक मांझी (35 वर्ष) और नईहर साय (45 वर्ष) ने मारपीट की थी। पहले दिन तीन आरोपियों ने हाथ-पैर से हमला किया था, जबकि अगले दिन नईहर साय ने लकड़ी की लाठी से प्रहार किया था।
पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया
पुलिस को बयान और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की संलिप्तता पुख्ता मिली। इसके बाद चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी की लाठी भी जब्त कर ली है।
पत्थलगांव पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) व 3(5) के तहत हत्या का अपराध दर्ज किया है। पर्याप्त सबूत मिलने पर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस संबंध में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि थाना पत्थलगांव क्षेत्र में मारपीट के कारण आई चोटों से इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हुई थी। मामले में शामिल चारों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।”
<
