भास्कर न्यूज|कवर्धा शहर के पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय गणित दिवस के तहत आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन विद्यार्थियों के लिए विभिन्न ज्ञानवर्धक और रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। गणित विभाग व आईक्यूएसी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में गणितीय सोच, तार्किक क्षमता और रचनात्मकता का विकास करना रहा। प्राचार्या डॉ. ऋचा मिश्रा ने कार्यक्रम को प्रायोजित करने वाली संस्था C-COST ने वर्तमान समय में गणित के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगिताओं में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। वहीं, आईक्यूएसी संयोजक डॉ. अनिल कुमार शर्मा ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। दूसरे दिन का मुख्य आकर्षण मेंटल मैथ्स चैलेंज रहा,जिसे केबीसी शैली में इंटर कॉलेज स्तर पर आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न कॉलेज के छात्रों ने भाग लेकर अपनी तीव्र गणनात्मक क्षमता व तार्किक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। रोचक व उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित इस प्रतियोगिता में मेजबान कॉलेज की टीम आर्यभट्ट ने प्रथम व पिपरिया कॉलेज की टीम रामानुजन दूसरे स्थान पर रही। कन्या कॉलेज कवर्धा की टीम ब्रह्मगुप्त ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा यहां गणित आधारित क्विज, भाषण और मैथ्स मॉडल मेकिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गईं। भाषण प्रतियोगिता में काम्या श्रीवास्तव ने प्रथम, मोहसिन बेग ने द्वितीय और सौम्या महोबिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, गणित क्विज में वैदेही देवांगन ने पहला, काम्या श्रीवास्तव ने दूसरा और लखन कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया। मैथ्स मॉडल मेकिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता का बेहतरीन प्रदर्शन किया। जेबा शेखानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि लखन कुमार और यशवैन ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान हासिल किया। अजय, राघव व काम्या की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडल विभिन्न गणितीय सिद्धांतों और अवधारणाओं पर आधारित थे, जिन्हें शिक्षकों और छात्रों ने खूब सराहा।
<
