![]()
.
सर्व यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु ने प्रदेश में सत्ता और संगठन दोनों स्तरों पर यादव समाज की लगातार उपेक्षा किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में यादव समाज जनसंख्या के हिसाब से प्रदेश में दूसरे स्थान पर है, लेकिन सत्ता और संगठन में समाज को अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं दिया जा रहा है, जिससे पूरे समाज में नाराजगी और आक्रोश का माहौल बन रहा है। कहा कि यादव समाज सम्मान और न्यायसंगत भागीदारी की अपेक्षा करता है। वर्तमान सरकार में यादव समाज को केवल एक मंत्री के रूप में प्रतिनिधित्व मिला है, जबकि जनसंख्या और राजनीतिक योगदान को देखते हुए यह प्रतिनिधित्व अत्यंत कम है।
संगठनात्मक ढांचे में भी समाज की अनदेखी हुई है। हाल ही में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा और जिला स्तर के पदाधिकारियों की घोषणा की गई, लेकिन इसमें यादव समाज को जनसंख्या के अनुपात में स्थान नहीं दिया गया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार यादव समाज का लगभग 70 प्रतिशत वर्ग भाजपा और उससे जुड़े संगठनों में निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहा है। मतदान के आंकड़े भी बताते हैं कि यादव समाज का बड़ा हिस्सा भाजपा को समर्थन देता है। इसके बावजूद सत्ता और संगठन में लगातार उपेक्षा से समाज ठगा हुआ महसूस कर रहा है। समाज के खिलाफ पूर्वाग्रह के कारण उन्हें जानबूझकर अवसरों से दूर रखा जा रहा है। कहा कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल के साथ छत्तीसगढ़ के प्रभारी एवं भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नवीन नितिन से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वे यादव समाज को जनसंख्या और योगदान के अनुरूप सम्मानजनक प्रतिनिधित्व दिए जाने की मांग रखेंगे।
<
