![]()
सरगुजा में रेत माफियाओं ने गांधी चौक में रेत से भरी टीपर को कार्रवाई के लिए लेकर जा रहे माइनिंग कांस्टेबल के साथ मारपीट कर दी और रेत से भरी टीपर वाहन को लेकर फरार हो गए। अवैध रेत से भरी चार टीपर वाहनों को रायपुर से आई फ्लाइंग स्क्वायड की टीम ने पकड़ा था। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया है। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, कोरिया जिले में रेत तस्करी के विवाद पर भाजपा नेता सहित तीन की हत्या और दो अन्य पर जानलेवा हमले की घटना के बाद रायपुर की खनिज विभाग के फ्लाइंग स्क्वायड की टीम संभाग में अवैध रेत परिवहन व माइनिंग की जांच कर रही है। कोरिया, एमसीबी सहित सूरजपुर जिलों में ड्रोन कैमरे से रेत के माइनिंग, डंपिग की जांच चल रही है। माइनिंग कांस्टेबल को पीटा, टीपर छुड़ाकर ले भागे तस्कर
बीती रात रायपुर से आई माइनिंग विभाग की टीम ने चार टीपरों को अंबिकापुर की ओर अवैध रेत लेकर आते हुए पकड़ा। टीम ने टीपरों के नंबर नोट किए और माइनिंग कांस्टेबल तारकेश्वर वर्मा को टीपर वाहन में बैठाकर सभी वाहनों को लेकर अंबिकापुर कलेक्टोरेट परिसर में खड़ा करने के लिए भेजा गया। माइनिंग का आरक्षक चारों वाहनों के साथ अंबिकापुर आ रहा था। चारों टीपर जैसे ही गांधी चौक में पहुंचे, रेत के कारोबार से जुड़े लहटन खान और उसके साथियों ने गाड़ियों को गांधी चौक में रोक लिया। युवकों ने एक टीपर को ले जाने की कोशिश की। विरोध करने पर उन्होंने माइनिंग कांस्टेबल तारकेश्वर वर्मा के साथ मारपीट की और एक टीपर वाहन को लेकर भाग निकले। तीन वाहनों को कलेक्टोरेट में खड़ा कराया गया है। पुलिस ने दर्ज की FIR, जांच जारी
घटना की सूचना मिलने पर माइनिंग टीम गांधी चौक पहुंची। पुलिस ने कांस्टेबल को गांधीनगर थाने भेजकर एफआईआर दर्ज कराई। कांस्टेबल माइनिंग की फ्लाइंग स्क्वायड टीम के साथ अंबिकापुर आया था। मामले में पुलिस ने लहटन खान सहित चार, पांच अन्य के खिलाफ FIR दर्ज कर लिया है। गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बताया कि शिकायत पर लहटन खान, टीपर के चालक सोनू, खलासी सहित तीन अन्य युवकों के खिलाफ धारा 191(2), 221, 121(2), 123, 296, 351(3) के तहत एफआईआर दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। अवैध माइनिंग की जांच में जुटी फ्लाइंग स्क्वायड
रायपुर की फ्लाइंग स्क्वायड की टीम ने कोरिया एवं एमसीबी जिलों में अवैध रेत उत्खनन करते हुए कई वाहनों को पकड़ा है और रेत घाटों व भंडारण की वीडियोग्राफी की। आज टीम सूरजपुर के रेत घाटों की जांच कर रही है। सरगुजा में भी रेत घाटों की जांच की जाएगी। 10 जून के बाद रेत उत्खनन में रोक के बावजूद बड़ी मात्रा में रेत रोज नदियों से निकाला जा रहा है।
<
