बलौदाबाजार में तीन दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव का रविवार को पंडित चक्रपाणी शुक्ल शासकीय हाई स्कूल मैदान में शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर कई विभागों की ओर से हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया और पंचायतों को सम्मानित किया गया। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा
.
प्रभारी मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और शीघ्र ही नक्सल मुक्त होगा। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, आयुष्मान और स्वामित्व योजनाओं में प्रदेश की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की ओर से स्थापित राज्य की विकास यात्रा का उल्लेख किया।

राज्योत्सव को प्रदेश की संस्कृति और विकास का प्रतीक बताया
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने अपने संबोधन में राज्योत्सव को छत्तीसगढ़ की संस्कृति और विकास का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में खुशहाली आई है और शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि में प्रगति ने प्रदेश को नई दिशा दी है।

बाल विवाह मुक्त 225 पंचायतों के सरपंचों को सम्मानित
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग ने बाल विवाह मुक्त 225 पंचायतों के सरपंचों को सम्मानित किया। स्वास्थ्य विभाग ने टीबी मुक्त 60 पंचायतों के सरपंचों को भी सम्मानित किया। समाज कल्याण विभाग की ओर से 86 बुजुर्गों और दिव्यांगों को ट्राईसिकल वितरित की गईं, जबकि 4343 छात्रों को 2 करोड़ रुपए से अधिक की छात्रवृत्ति प्रदान की गई।

सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन
सांस्कृतिक संध्या में “रंग सरोवर” के भूपेंद्र साहू, राधारानी पंडवानी पार्टी के फिरतराम साहू और “सुर ओ चंदम आर्टिस्ट बैंड” ने लोक और सूफी संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। किरण मोइत्रा और उनके साथियों ने कठपुतली कला का प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।

<
