Bilaspur-Delhi Flight: बिलासा एयरपोर्ट से तीन मई को दिल्ली के लिए शाम फ्लाइट सेवा शुरू हो रही है। …और पढ़ें

HighLights
- तीन मई से शाम दिल्ली फ्लाइट सेवा शुरू होगी
- चार दिन में किराया दस हजार रुपये से अधिक
- फ्लाइट में 80 प्रतिशत से अधिक बुकिंग पूरी
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। बिलासा एयरपोर्ट से तीन मई को दिल्ली के लिए शाम के समय फ्लाइट सेवा शुरू होने जा रही है। यह सुविधा लंबे समय से यात्रियों की मांग रही थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। इस नई उड़ान सेवा को लेकर यात्रियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
बुकिंग में भारी उछाल, किराया 10 हजार पार
इस फ्लाइट की बुकिंग खुलने के महज चार दिनों के भीतर ही टिकट किराया 10 हजार रुपये से अधिक पहुंच गया है। जबकि इसी अवधि में रायपुर से दिल्ली का किराया इससे कम बताया जा रहा है। इससे स्पष्ट होता है कि बिलासपुर से दिल्ली के लिए शाम की उड़ान सेवा की कितनी अधिक आवश्यकता थी। एयरलाइंस सूत्रों के अनुसार, इस फ्लाइट में 80 प्रतिशत से अधिक सीटों की बुकिंग पहले ही पूरी हो चुकी है।
सप्ताह में एक दिन सेवा, रविवार को उड़ान
एलाइंस एयर द्वारा हाल ही में घोषणा की गई है कि यह फ्लाइट सप्ताह में केवल एक दिन, रविवार को शाम 6:45 बजे संचालित होगी। यह फ्लाइट तीन मई को पहली बार बिलासपुर से रवाना होगी। हालांकि यात्रियों और स्थानीय संगठनों की मांग है कि इस सेवा को सप्ताह में कम से कम दो दिन किया जाए, जिसमें रविवार के साथ बुधवार को भी उड़ान शामिल हो।
यात्रियों की लंबे समय से थी मांग
बिलासपुर से दिल्ली के लिए शाम या तड़के सुबह उड़ान की मांग काफी लंबे समय से की जा रही थी। अब इस सेवा के शुरू होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि यदि समय सारणी नियमित और सुविधाजनक रही, तो इस रूट पर यात्रियों की संख्या और बढ़ सकती है।

हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का बयान
हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने आरोप लगाया है कि रायपुर की एक लॉबी लंबे समय से बिलासपुर एयरपोर्ट पर उड़ानों के विस्तार में बाधा डालने का प्रयास करती रही है। समिति के अनुसार, यह गलत प्रचार किया जाता रहा है कि बिलासपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की कमी है, जबकि दिल्ली और प्रयागराज जैसे रूट पर 80 से 90 प्रतिशत तक आक्यूपेंसी दर्ज की गई है। कोलकाता रूट पर भी 60 से 70 प्रतिशत तक यात्रियों की मौजूदगी रहती है।
क्षेत्रीय विकास को मिलेगा बढ़ावा
समिति के सदस्य रवि बनर्जी, बद्री यादव, देवेंद्र सिंह ठाकुर, मनोज श्रीवास, ऋषि राज गौतम, रामशरण यादव और सुदीप श्रीवास्तव ने कहा कि नियमित और विश्वसनीय हवाई सेवा से यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि व्यापार, पर्यटन और निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा। बेहतर हवाई कनेक्टिविटी से बिलासपुर क्षेत्रीय विकास के नए अवसरों की ओर आगे बढ़ सकता है।
<
