जशपुरनगरः दिलीप सिंह जूदेव स्मृति गोल्ड कप फुटबाल प्रतियोगिता इस साल 25 मार्च से शुरू होगी। आयोजकों ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। आयोजन समिति के सेक्रेटरी सरफराज आलम ने बताया कि इस साल इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए देश की 16 राष्ट्र स्तर की टीमों को आमंत्रित किया गया है। टीमों के प्रबंधक आयोजन समिति से चर्चा करके इस पर अंतिम निर्णय लेगें।
बीते दिनों आयोजन समिति की बैठक में इस प्रतियोगिता को हर साल की भांति भव्य रूप में कराने का निर्णय लिया गया है। आयोजन के दौरान मैदान में पानी का छिड़काव,आने वाले मेहमान खिलाड़ियों के रहने व खाने की व्यवस्था जैसे विषयों पर प्रारंभिक चर्चा की गई। उल्लेखनिय है भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री व जशपुर राज परिवार के सदस्य कुमार दिलीप सिंह जूदेव के नाम पर आयोजित होने वाले इस फुटबाल प्रतियोगिता के रोमांच का जादू जिले के साथ ओडिसा व झारखंड के फुटबाल प्रेमी दर्शकों के सिर चढ़ कर बोलता है। मैच के दौरान शहर के रणजीता स्टेडियम दर्शकों से पूरा भरा रहता है। खिलाड़ियों के साथ दर्शकों का जोश व जुनून देखते बनता है। बीते एक दशक से आयोजित हो रही यह फुटबाल प्रतियोगिता कोरोनाकाल के दौरान बाधित रहने के बाद बीते वर्ष फरवरी में आयोजित की गई थी। अब इसके नए सीजन के शुरू होने का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

विदेशी खिलाड़ी भी होते हैं शामिल –
इस गोल्ड कप फुटबाल प्रतियोगिता के माध्यम से रणजीता स्टेडियम में विदेशी फुटबालरों को भी खेलते हुए देखने का मौका दर्शकों को मिला है। दरअसल,प्रतियोगिता में शामिल होने वाली टीमों में अंर्तराष्ट्रीय स्तर के फुटबालर अनुबंधित खिलाड़ी के रूप में शामिल रहते हैं जो अपनी टीम के लिए मैदान में उतरते हैं। इन विदेशी खिलाड़ियों को खेलते हुए देखने से दर्शकों का रोमांच दोगुना हो जाता है।
