![]()
.
शहर के आचार्य पंथ श्री गृंध मुनि नाम साहब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज) में गुरुवार को जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। इस अवसर पर सबसे आकर्षण का केंद्र छात्र-छात्राओं का जनजाति आधारित नृत्य, नाटक और रैंपवॉक रहा।
बीएससी बायोटेक और सीबीजेड के छात्रों ने पारंपरिक वेशभूषा और जनजातीय थीम पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किए। रैंपवॉक में छात्रों ने आदिवासी पोशाक और लोक जीवन की झलक पेश की। हर प्रस्तुति में संस्कृति और परंपरा का गहरा संदेश था। दर्शक तालियों की गड़गड़ाहट से कार्यक्रम को उत्साह से भर देते रहे। इससे पहले प्राचार्या डॉ. ऋचा मिश्रा और विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की संयोजक डॉ. सीमा मंडावी ने बताया कि यह आयोजन छात्रों में अपनी सांस्कृतिक जड़ों को जानने और जनजाति समाज के गौरव को पहचानने का अवसर प्रदान करता है। कार्यक्रम का संचालन संजय खान ने किया और आभार प्रदर्शन कृष्णा बंजारे ने किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ इस भव्य सांस्कृतिक उत्सव का समापन हुआ।
नृत्य व नाटक संस्कृति को दर्शाने का सशक्त माध्यम विशिष्ट अतिथि रिंकेश वैष्णव, विदेशी राम धुर्वे, राजेश छेदावी और सहदेव धुर्वे ने कहा कि छात्रों के इन कलात्मक प्रयासों से जनजातीय संस्कृति और वीरगाथाएं नई पीढ़ी तक पहुंचेंगी। मुख्य वक्ता रामाधार मेरावी ने कहा कि यह नृत्य और नाटक केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और गौरव को दर्शाने का सशक्त माध्यम है।
<
