![]()
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में शराब प्रकरण में जेल गए बंदी की संदिग्ध मौत हो गई। जिसके बाद पुलिस पर मारपीट व रुपये लेने के आरोप लगाए गए। जहां अब इस मामले में पुलिस ने अपना पक्ष भी रखा है और थाना का CCTV फूटेज सामने आया है। जिसमें आरोपी संजय से थाना में मारपीट जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। जबकि उसे पुलिस द्वारा भोजन कराते व पानी पिलाते CCTV फूटेज में देखा जा सकता है। मिली जानकारी के मुताबिक थाना कोतरारोड के आबकारी एक्ट के मामले में गिरफ्तार संजय बघेल 32 साल निवासी ग्राम नवापारा की संदिग्ध मौत के मामले में जेएमएफसी रायगढ़ द्वारा न्यायिक जांच की जा रही है। इस दौरान बंदी संजय बघेल की मृत्यु के संबंध में परिजनों द्वारा थाना कोतरारोड में उसके साथ मारपीट किए जाने और आबकारी प्रकरण में अवैधानिक रूप से रुपये लेने के आरोप पुलिस पर लगाए गए थे। उन आरोपों के संबंध में पुलिस का पक्ष भी सामने आया। इसी उद्देश्य से मामले से संबंधित मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कोतरारोड थाना परिसर के 10 जून के CCTV फुटेज प्राप्त किए गए और मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में SSP शशि मोहन सिंह, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी पीएस भगत ने तथ्यों की स्पष्टता के लिए संबंधित आबकारी अधिनियम के अंतर्गत की गई पूरी कार्यवाही का घटनाक्रम विडियो फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट, साझा किया गया।
इस तरह रहा पूरा घटनाक्रम
10 जून की सुबह लगभग 11 बजे कोतरारोड पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अरसीपाली चौक के आगे मुख्य मार्ग से अंदर अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब रखे हुए है, जिसे वह कुछ समय बाद कहीं ले जाने वाला है। सूचना पर प्रधान आरक्षक श्यामदेव साहू और आरक्षक शंभू चौहान ने थाना प्रभारी को जानकारी देकर गवाहो के साथ मौके पर रवाना होकर कार्रवाई की। अरसीपाली चौक स्थित नाई ठेला के पास सुनसान स्थान पर एक व्यक्ति सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी के साथ मिला। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम संजय बघेल 32 साल निवासी नवापारा बताया। उसके कब्जे में रखी प्लास्टिक बोरी की तलाशी लेने पर उसमें हाथ भट्टी से निर्मित कुल 30 लीटर कच्ची महुआ शराब, जो प्लास्टिक पन्नियों में 5-5 लीटर की मात्रा में भरी हुई थी, बरामद हुई। अवैध शराब को विधिवत जप्त कर आरोपी संजय बघेल को 12.43 बजे दोपहर थाना लाया गया।
गिरफ्तारी की सूचना उसके भाई को दी गई
थाना कोतरारोड परिसर में बंदीगृह के बाहर आरोपी को बैठाया गया और उसके परिजनों को कार्यवाही की सूचना दी गई। सूचना मिलने पर संजय बघेल का भाई अजय बघेल व परिवार का सदस्य राकेश बघेल थाना पहुंचे। आबकारी प्रकरण की सभी औपचारिकताएं पूरी कर दोपहर सवा 2 बजे आरोपी की विधिवत गिरफ्तारी दर्ज की गई और गिरफ्तारी की सूचना उसके भाई अजय बघेल को प्रदान की गई।
वीडियो फूटेज में पुलिसकर्मी पानी पिलाता नजर आया
थाना के CCTV फुटेज में दोपहर 2.21 बजे संजय को आराम करता देखा जा सकता है। साथ ही संजय बघेल द्वारा पानी मांगने पर पुलिसकर्मियों द्वारा उसे पानी उपलब्ध कराया गया और अन्य आरोपियों की तरह उसे दोपहर का भोजन भी कराया गया। गिरफ्तारी की सूचना मिलने पर उसके परिजन थाना पहुंचे। जिनकी उपस्थिति में व पुलिस की निगरानी में संजय बघेल थाना परिसर के बरामदे में अपने परिजनों से मिला और उनसे बातचीत करता हुआ दिखाई देता है।
मेडिकल रिपोर्ट में फिट बताया गया
उसी शाम आरोपी संजय बघेल एवं आरोपी सुभाष पटेल को चिकित्सीय परीक्षण, एमसीयू (फिंगर प्रिंट) व न्यायालय में रिमांड के लिए प्रस्तुत करने के लिए थाना से रवाना किया गया। लगभग शाम 4.35 बजे के सीसीटीवी फुटेज में संजय बाहर निकलता दिखा है। चिकित्सीय परीक्षण के दौरान संजय बघेल द्वारा चिकित्सक को किसी प्रकार की चोट व शारीरिक तकलीफ की जानकारी नहीं दी गई। मेडिकल रिपोर्ट में उसे फिट बताया गया है जबकि आरोपी सुभाष पटेल द्वारा स्वयं को उच्च बीपी (उच्च रक्तचाप) का मरीज बताया गया था। इसके बाद नकली शराब मामले में पकड़े गए सुभाष पटेल व इस प्रकरण का आरोपी संजय बघेल को शाम लगभग साढ़े 6 बजे पुलिस बल द्वारा जेल दाखिल कराने ले जाया गया। जहां संजय बघेल के परिवार का सदस्य राकेश बघेल भी उपस्थित था। उसने संजय बघेल को दिलाशा दिया कि शीघ्र ही उसकी जमानत करायेंगे।
रुपये लेने के शिकायत की जांच DSP कर रहे
इससे पुलिस ने डिजिटल साक्ष्य के आधार पर बताया कि शराब रेड की कार्रवाई से लेकर थाना लाने, चिकित्सीय परीक्षण कराने व जेल दाखिल कराने तक की पूरी प्रक्रिया के दौरान कहीं भी संजय बघेल के साथ अभद्रता या मारपीट नहीं की गई है। वहीं मृतक संजय बघेल के परिजनों पुलिसकर्मियों पर रुपये लेने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रकरण के जांचकर्ता प्रधान आरक्षक श्यामदेव साहू व आरक्षक शंभू चौहान को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच किया गया है। इस शिकायत की पूरी जांच DSP द्वारा कराई जा रही है।
पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण चोट नहीं आया
इस मामले में सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि मृतक संजय बघेल के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी प्राप्त किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर पाए गए चोटों को मृत्यु का कारण नहीं बताया गया है। मृत्यु के स्पष्ट कारणों के निर्धारण के लिए हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच व जप्त विसरा के परीक्षण कराए जाने की राय दी गई है। प्रकरण की न्यायिक जांच जारी है, जिसका जांच रिपोर्ट आने के बाद मामला स्पष्ट हो सकेगा।
<
