![]()
बलौदाबाजार जिले के गिधपुरी थाना क्षेत्र में नकली डीएपी खाद बेचने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। ग्रामीणों की सतर्कता के चलते प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए 13 बोरी संदिग्ध खाद, 12 बोतल ह्यूमिक एसिड और एक पिकअप वाहन जब्त किया है। हालांकि, मौके पर मौजूद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मामला ग्राम सुंद्रावन का है, जहां कुछ लोग रात के समय किसानों को डीएपी खाद के नाम पर नकली खाद बेच रहे थे। ग्रामीणों को जब इस पर संदेह हुआ तो उन्होंने वाहन को रोककर पूछताछ शुरू कर दी। इसी दौरान हंगामा बढ़ने पर आरोपी खेतों की ओर भाग निकले। रात में किसानों को बेच रहे थे नकली खाद ग्रामीणों नीलकमल आजाद और कृष्णा आजाद के अनुसार, आरोपी हरियाणा से करीब 60 बोरी नकली खाद लेकर आए थे। इनमें से 47 बोरी खाद 1400 रुपये प्रति बोरी के हिसाब से किसानों को बेची जा चुकी थी, जबकि बची हुई 13 बोरियां बेचने के लिए वे सुंद्रावन पहुंचे थे। असली डीएपी जैसी पैकिंग कर रहे थे इस्तेमाल खाद निरीक्षक सुचिन वर्मा ने बताया कि गिरोह बेहद शातिर तरीके से काम कर रहा था। नकली खाद की पैकिंग और दाने असली डीएपी जैसे बनाए गए थे, जिससे किसानों के लिए पहचान करना मुश्किल था। जांच में पता चला है कि खाद में ऑर्गेनिक सामग्री और ह्यूमिक एसिड जैसे सस्ते पदार्थ मिलाए गए थे। ऐसे उत्पाद फसलों की गुणवत्ता और उत्पादन पर बुरा असर डाल सकते हैं। अधिकारियों ने जब्त किया वाहन और खाद ग्रामीणों की सूचना पर एसडीएम दीपक निकुंज ने तत्काल नायब तहसीलदार ईश्वर केवट और खाद निरीक्षक को मौके पर भेजा। अधिकारियों ने पिकअप वाहन, 13 बोरी संदिग्ध खाद और 12 बोतल ह्यूमिक एसिड जब्त कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। जब्त खाद के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसानों से सावधानी बरतने की अपील एसडीएम दीपक निकुंज ने किसानों से अपील की है कि वे किसी भी बाहरी व्यक्ति से खाद न खरीदें और केवल अधिकृत दुकानों से ही उर्वरक लें। उन्होंने कहा कि नकली खाद फसल को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है। डीएपी की कमी का उठा रहे फायदा क्षेत्र में डीएपी खाद की कमी के बीच ऐसे गिरोह सक्रिय हो गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और नकली खाद की तस्करी रोकने के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
<
