दुर्ग में आयोजित 25वीं राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में कोंडागांव के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल के खिलाड़ियों ने 10 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य पदक जीतकर बस्तर संभाग में शीर्ष स्थान हासिल किया।
.
बस्तर संभाग को कुल 21 स्वर्ण पदक मिले, जिनमें से 10 स्वर्ण पदक अकेले कोंडागांव के इस विद्यालय के खिलाड़ियों ने हासिल किए। यह उपलब्धि विद्यालय के खेल प्रशिक्षण और विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत को दर्शाती है।

हेमबती ने राष्ट्रीय स्तर पर बनाई पहचान
विद्यालय की अंडर-17 वर्ग की स्वर्ण पदक विजेता हेमबती नाग ने राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनाई है। उन्हें खेल के क्षेत्र में असाधारण योगदान के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जो राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रदान किया गया। यह उपलब्धि जिले और पूरे बस्तर संभाग के लिए गौरव का क्षण रहा।
विद्यालय के प्राचार्य पी.एस. डेनियल ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षिका को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिणाम है। विद्यालय ऐसी प्रतिभाओं को हर संभव सहयोग और प्रोत्साहन देता रहेगा।
खेल प्रशिक्षिका सुधा तिवारी (पी.टी.आई.) ने बताया कि बच्चों ने लगातार अभ्यास और टीम भावना के बल पर यह उपलब्धि अर्जित की है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सफलता आने वाले वर्षों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
विद्यालय परिवार ने विजेता खिलाड़ियों का सम्मान किया। शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि यह न केवल विद्यालय बल्कि संपूर्ण बस्तर संभाग के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
<
