![]()
मुंगेली जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पतालों की निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने जिला मुख्यालय स्थित लाइफ लाइन अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आने पर अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है। सीएमएचओ ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर उपचार और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। हॉस्पिटल में मिली कई अनियमितताएं निरीक्षण के दौरान आयुष्मान योजना से संबंधित सूचना पट्टों की व्यवस्था, निर्धारित बिस्तरों के चिन्हांकन, लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों और अस्पताल संचालन से जुड़े विभिन्न मानकों में कमियां पाई गईं। मरीजों से मिले फीडबैक में भी योजना के प्रावधानों के पालन में सुधार की आवश्यकता सामने आई। मरीजों के अधिकारों सेकोई समझौता नहीं:CMHO डॉ. शीला साहा ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के पात्र हितग्राहियों को गुणवत्तापूर्ण और पूरी तरह नि:शुल्क उपचार उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों के अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता या योजना के नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी करते हुए सभी कमियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर दूर करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही भविष्य में मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। निरीक्षण के दौरान डॉ. कमलेश कुमार और डॉ. प्रशांत ठाकुर सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।
<
