छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सरपंच संघ नगरी ने अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। इसमें 15वें वित्त मद की राशि जारी न होने पर सरपंचों ने नाराजगी व्यक्त की। यह प्रदर्शन नगरी के बजरंग चौक पर आयोजित किया गया।
.
सरपंच संघ नगरी के अध्यक्ष उमेश देव, महासचिव नरेश मांझी और कोषाध्यक्ष उत्तम सिंह नेताम सहित वरिष्ठ सरपंचों के नेतृत्व में यह प्रदर्शन हुआ। कांग्रेस के जनपद सदस्यों ने भी इस प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया। नगरी विकास खंड के कुल 102 ग्राम पंचायतों के सरपंच इसमें शामिल हुए।

नौ महीने बाद भी वित्त मद की राशि नहीं हुई जारी
सरपंचों ने बताया कि उनके कार्यकाल को लगभग नौ माह बीत चुके हैं, लेकिन 15वें वित्त मद की राशि अब तक जारी नहीं की गई है। इससे पंचायतों के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इस संबंध में पहले भी कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया था, और कुछ दिन पूर्व नगरी एसडीएम को भी ज्ञापन दिया गया था।

मांगें पूरी होने पर आंदोलन की चेतावनी दी
सरपंचों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने अपनी मांगों को पूरा करने की अपील की।
प्रदर्शनकारी सरपंचों ने बजरंग चौक से एसडीएम कार्यालय तक पैदल रैली निकाली। उन्होंने एसडीएम कार्यालय के सामने बैठकर नारेबाजी की और अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। इस दौरान ब्लॉक के सभी महिला और पुरुष सरपंच उपस्थित रहे।
<
