![]()
जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा नगर के कई वार्डों में पानी की सप्लाई को लेकर शिकायतें मिलने के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को मौके पर भेजकर स्थिति का निरीक्षण करने और तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर के निर्देश पर अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर और एसडीएम सुमित बघेल सहित प्रशासनिक टीम ने अकलतरा पहुंचकर प्रभावित वार्डों का दौरा किया। टीम ने पेयजल टंकियों, पाइपलाइन और जल आपूर्ति व्यवस्था की जांच की और लोगों से उनकी समस्याएं भी सुनीं। निरीक्षण में कुछ वार्डों में पानी की सप्लाई ठीक नहीं मिलने पर अधिकारियों ने नगर पालिका को साफ निर्देश दिए कि सभी क्षेत्रों में तय समय के अनुसार नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने नए बोरवेल कार्यों की भी समीक्षा की और उन्हें जल्द मुख्य पाइपलाइन से जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि पानी की उपलब्धता बढ़ सके। कलेक्टर ने नगर पालिका सीएमओ की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि लोगों को समय पर पानी देना प्रशासन की सबसे जरूरी जिम्मेदारी है। यदि लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने बताया कि पेयजल संकट को दूर करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है और प्रभावित इलाकों में निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
<
