![]()
कोंडागांव के चिखलपुट्टी स्थित गायत्री आश्रम में 23 और 24 जून को जिला स्तरीय गायत्री जयंती, गंगा दशहरा एवं धर्मसभा-सांस्कृतिक समागम का आयोजन किया जाएगा। अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम में जिलेभर से कार्यकर्ता, धर्माचार्य, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु शामिल होंगे। गायत्री परिवार के अनुसार, भारतीय संस्कृति में गंगा दशहरा और गायत्री जयंती का विशेष महत्व है। ऐसी मान्यता है कि मां गंगा और मां गायत्री का अवतरण एक ही दिन हुआ था। इसी अवसर पर जिला स्तर पर विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मोटरसाइकिल शोभायात्रा निकाली जाएगी आयोजन के पहले दिन, 23 जून को मोटरसाइकिल शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद संध्याकालीन संगीत प्रवचन का कार्यक्रम होगा। इस दौरान 12 घंटे का अखंड जप भी संपन्न कराया जाएगा। 24 जून को मां गंगा और मां गायत्री के अवतरण पूजन के साथ 9 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन होगा। इसके पश्चात धर्मसभा एवं सांस्कृतिक समागम आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजन और विशिष्ट अतिथि भाग लेंगे। दो दिवसीय धार्मिक-सांस्कृतिक समागम गायत्री परिवार ने बताया कि चिखलपुट्टी स्थित आश्रम को बस्तर संभाग के सातों जिलों के लिए एक प्रमुख आध्यात्मिक और सामाजिक केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। इस केंद्र में साधना, स्वास्थ्य संवर्धन, नशामुक्ति, कुरीति उन्मूलन, महिला जागरण, पर्यावरण संरक्षण और गुरुकुल आधारित शिक्षा से संबंधित कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इस आयोजन के दौरान, गायत्री परिवार की संस्थापिका परम वंदनीया माताजी की जन्म शताब्दी वर्ष के संकल्पों को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक शपथ दिलाई जाएगी। नवयुग के संविधान का सामूहिक वाचन भी होगा। कार्यक्रम का समापन भोजन प्रसाद और विदाई समारोह के साथ किया जाएगा।
<
