Uncategorized

सारंगढ़ में पागल कुत्ते का आतंक: 5 मोहल्लों में 31 लोगों को काटा, 5 गंभीर

छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ शहर में एक पागल कुत्ते ने पिछले दो दिनों से उत्पात मचाते हुए करीब 31 लोगों को काटकर घायल कर दिया है। कुत्ते ने शहर के 5 मोहल्लों—गढ़ चौक, कुटेला, देवरपारा, प्रतापगंज और बाजार चौक—के रहवासियों को बुरी तरह काटा है। घायलों में 22 पुरुष, 4 महिलाएं और 5 बच्चे शामिल हैं। पीड़ितों के हाथ-पैर और जांघ पर काफी गहरे घाव हुए हैं। इनमें 5 लोगों को गंभीर चोट आई है।

जिला अस्पताल में इलाज के दौरान सभी मरीजों को सीरम और वैक्सीन दे दी गई है। बताया जा रहा है कि गांव वालों ने गुस्से में कुत्ते को मार डाला है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। लोगों में अभी भी डर बना हुआ है। इस पूरी घटना में निगम की ओर से कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। पागल कुत्ते के लोगों को काटते हुए सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, प्रभावित क्षेत्रों में लोग अब सड़क पर निकलते समय खास सावधानी बरत रहे हैं। शहरवासियों का कहना है कि अगर कुत्ते को जल्द नहीं पकड़ा गया, तो वह और लोगों को अपना शिकार बना सकता है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता है। घटना के बाद शहरवासियों ने प्रशासन और नगर निगम से आवारा कुत्ते को जल्द पकड़ने की मांग की है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रहे हमलों को देखते हुए तत्काल कार्रवाई जरूरी है, ताकि शहर में राहगीरों और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

इसी तरह का मामला बलौदाबाजार जिले से भी सामने आया है, जहां शनिवार को पलारी में पागल कुत्ते ने 13 लोगों को काट दिया। घंटों तक आतंक मचाने के बाद ग्रामीणों ने कुत्ते को पकड़ा और उसे मार डाला। पलारी अस्पताल के बीएमओ डॉ. पंकज वर्मा ने बताया कि सुबह एक बच्चे को लैब के सामने कुत्ते ने काटा था। इसके बाद लगातार घायल अस्पताल पहुंचते रहे और शाम तक 13 लोगों का उपचार किया गया। सभी घायलों को एंटी रैबीज वैक्सीन और इम्युनोग्लोबुलिन की डोज दी गई है।

पशु चिकित्सक डॉ. पुष्पा चंद्राकर ने बताया कि रेबीज वायरस से संक्रमित कुत्ते में आक्रामकता बढ़ सकती है और वह बिना कारण लोगों पर हमला कर सकता है। ऐसे कुत्ते को तुरंत अलग करना जरूरी है। उन्होंने लोगों को आवारा और संदिग्ध व्यवहार करने वाले कुत्तों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी।

इससे जुड़ी एक अन्य घटना छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से सामने आई है, जहां एक मादा भालू ने हमला कर भाई और बहन की जान ले ली। मारने के बाद वह उनके शवों को नोचती रही, जिसका लाइव वीडियो भी सामने आया है। घटना नरहरपुर वन परिक्षेत्र के लारगांव मरकाटोला गांव की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button