Uncategorized

बिलासपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक विवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर महिला के मायके वाले सिम्स अस्पताल पहुंच गए, जहां उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा मचाया। मायके वालों का आरोप है कि ससुरालवाले बेटी से एक लाख रुपए लाने का दबाव बना रहे थे और दो बेटी होने के बाद उसे प्रताड़ित भी किया जाता था। उन्होंने ससुरालवालों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करने की मांग की है। यह घटना सकरी थाना क्षेत्र की है।

ग्राम सकर्रा के रहने वाले विदेशी निर्मलकर ने बताया कि उनकी बहन दुर्गा निर्मलकर (26) की शादी 2022 में सैदा निवासी रोहित निर्मलकर से हुई थी। शादी के बाद दुर्गा की दो बेटियां हुईं। दूसरी बेटी के जन्म के बाद से ही पति और ससुराल वाले उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे।

विदेशी निर्मलकर के मुताबिक पति आए दिन उसके साथ मारपीट करता था और मायके से एक लाख रुपए लाने का दबाव बनाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि अचानक तबीयत बिगड़ने से दुर्गा की मौत हुई है, लेकिन उन्हें हत्या की आशंका है।

उन्होंने बताया कि शनिवार शाम करीब 6 बजे रोहित ने फोन कर दुर्गा के बेहोश होने की सूचना दी। उसने बताया कि अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई है। इसके बाद वह सैदा पहुंचा, जहां पता चला कि दुर्गा को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया था। हालत गंभीर होने पर उसे सिम्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने दुर्गा की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।

रविवार को परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने शव को मरच्यूरी भेज दिया और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button