राजनांदगांव में विजयादशमी पर्व के अवसर पर म्युनिस्पिल स्कूल मैदान में 2 अक्टूबर को भव्य आयोजन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ जनमहोत्सव समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुंबई की असीस कौर अपनी शानदार प्रस्तुति देने संस्कारधानी पहुंच रही हैं।
.
आयोजन समिति ने कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू कर दी है। 2 अक्टूबर को कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने के लिए समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें सभी प्रमुख सदस्यों ने पिछले अनुभवों के आधार पर विजयादशमी महोत्सव को और बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव दिए।
आयोजन समिति के अध्यक्ष सौरभ कोठारी ने बताया कि बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक विजयादशमी पर्व को धूमधाम से मनाने के लिए इस बार व्यापक तैयारियां की जा रही है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन का 18वां वर्ष है। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के लिए मुंबई से असीस कौर आ रही हैं।

इस गाने के बाद सुर्खियों में आई थीं
असीस कौर पहली बार ‘कपूर एंड संस’ के रोमांटिक हिट गाने ‘बोलना’ से सुर्खियों में आई थीं। इसके बाद उन्होंने हिंदी, पंजाबी और हरियाणवी भाषाओं में कई सुपरहिट गाने दिए। संगीत की दुनिया में कदम बढ़ाते हुए उन्होंने खुद को एक लाइव कलाकार के रूप में स्थापित किया और धीरे-धीरे विश्व विख्यात हो गईं।
असीस कौर लंदन के प्रतिष्ठित O2 एरिना, दुबई एक्सपो और दुबई के कोका-कोला एरिना में अपनी आवाज का जादू बिखेर चुकी हैं। असीस ने अपनी आवाज से धार्मिक और भक्ति संगीत को भी धार दी है, जिसमें ‘सतनाम वाहेगुरु’, ‘कृष्णा तेरी हो गई’ जैसे गाने और शबद (पंजाबी आध्यात्मिक मंत्र) शामिल हैं।
आतिशबाजी में इस बार एआई तकनीक का इस्तेमाल
सौरभ कोठारी ने बताया कि कार्यक्रम में मुंबई के आतिशबाजों की टीम इस वर्ष भी बेहतरीन नयनाभिराम, रोमांचक आकाशीय आतिशबाजी का प्रदर्शन करेगें। आतिशबाजी में इस बार एआई तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। वहीं विजयादशमी महोत्सव का विशेष आकर्षण लगभग 61 फिट का आकर्षक रावण होगा।
प्रवेश द्वारों पर होंगे सीसीटीवी कैमरे
समिति के मिडिया प्रभारी विनय बिंदल, अजय सोनी, रघु शर्मा और मुकेश शर्मा के अनुसार दर्शकों की सुविधा के लिए आमंत्रण पत्र और निशुल्क पास वितरित किए जाएंगे। वहीं ट्रैफिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पास में गेट नंबर अंकित किए जाएंगे। दर्शकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल और प्रवेश द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं।
<
