*द ब्लेज ई न्यूज़,डेस्क :* सस्ते में सोना दिलाने का झांसा देकर लुटेरों ने पुलिस विभाग के एक आरक्षक और एक ऑटो चालक से 17 लाख रूपये लूट लिए। मामले में पुलिस ने दो लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के हरसूद थाना क्षेत्र का है। थाना प्रभारी
राजकुमार राठौर ने बताया कि प्रार्थी मयंक खुटे जो छत्तीसगढ़ में यातायात विभाग में आरक्षक के पद पर तैनात है,ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि सस्ते में एक किलो सोना देने का लालच दे कर उसे खंडवा निवासी सेवक राम उर्फ़ युवराज सिंह पारदी ने 31 अगस्त को तोरनिया झुमरखाली बुलाया था। 17 लाख में एक किलो सोना पाने के लालच में आकर वह अपने एक साथी के साथ सुबह सात बजे पहुंचा। यहां आरोपित युवराज ने उसे इशारा कर झाड़ियों के पास बुलाया और सोने जैसे सिक्के दिखा कर उसे झाड़ियों के अंदर ले गया। अंदर घात लगा कर बैठे युवराज के साथियों ने उस पर हमला कर दिया और रूपये से भरे बैग के साथ मोबाईल और एटीएम कार्ड लूट लिए। इस दौरान बीच बचाव करने के लिए आए मयंक खुटे के साथी पर भी आरोपितो ने हमला कर दिया। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपित युवराज और शबनम सहित चार आरोपितो के विरुद्ध लूट का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मोबाईल काल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज के सहारे आरोपी युवराज उर्फ़ सेवक राम और शबनम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियो से पुलिस ने लूट के 13 लाख 79 हजार रूपये जब्त कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर पुलिस पूछताछ में जुटी हुई है।
*इस तरह जाल में फंसा आरक्षक*
खंडवा पुलिस के अनुसार इस लूट कांड का मास्टर माइंड सेवकराम उर्फ़ युवराज कुछ समय पहले झारखण्ड गया था। यहां उसकी मुलाक़ात अजय परिहार से हुई थी। युवराज ने अजय को सोने की कहानी बताते हुए बेचने की इच्छा जताई थी। इस अजय ने युवराज का मोबाईल नंबर ले लिया था। अजय ने सोने की बात मयंक को बताई थी। इसके बाद सबने मिल कर इसे खरीदने का प्लान बनाया और आरोपियों के जाल में फंस गए।
