![]()
.
कांग्रेस के द्वारा देशभर में चल रहे संगठन सृजन अभियान के तहत नये जिलाध्यक्ष की नियुक्ति होगी। जमीनी कार्यकर्ताओं, वार्ड पंच, पार्षद, सामजिक संगठन, दलित, पिछड़ा वर्ग, आदिवासी सभी से पर्यवेक्षक फीडबैक ले रहे हैं। दंतेवाड़ा में गुरुवार को पहुंचे कांग्रेस के पर्यवेक्षक बंद कमरे में जिला अध्यक्ष के लिए एक-एक से रायशुमारी करते रहे। दंतेवाड़ा में 5 लोगों ने पर्यवेक्षक को आवेदन दिया, पर्यवेक्षकों के द्वारा दंतेवाड़ा में सभी चार ब्लाक के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक ली और उसके बाद बंद कमरे में ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष और दूसरे कार्यकर्ताओं से राय ली।
पर्यवेक्षक सैयद अजमतुल्ला हुसैनी, पर्यवेक्षक कुवंर सिंह निषाद विधायक गुंडरदही, पर्यवेक्षक रामकुमार यादव विधायक चंद्रपुर को जिलाध्यक्ष के चयन के लिए भेजा गया है। जिनके आगमन पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा उनका स्वागत किया गया। जिला कांग्रेस भवन में आयोजित स्वागत समारोह में जिलाध्यक्ष अवधेश गौतम की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं ने पुष्पमाला पहनाकर पर्यवेक्षकों का अभिनंदन किया। जिन्होंने जिले के सभी ब्लॉक बारसूर, गीदम, दंतेवाड़ा शहर, दंतेवाड़ा ग्रामीण, कटेकल्याण, कुआकोंडा, बचेली ग्रामीण, बचेली शहर, किरंदुल एवं मंडल अध्यक्ष, सेक्टर प्रभारी, बूथ प्रभारी, जिले के समस्त जनप्रतिनिधि, पूर्व जनप्रतिनिधि, कांग्रेस के सभी प्रकोष्ठ जिला कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस, शहर अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, कार्यकारिणी एवं सभी वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बैठक में बुलाया गया था और सभी कार्यकर्ताओं को कमरे में बुलाकर वन टू वन चर्चा की गई।
इन चर्चाओं की रिपोर्ट बनाकर सीधे दिल्ली में राष्ट्रीय कांग्रेस को सौंपा जायेगा। एआईसीसी के केंद्रीय पर्यवेक्षक सईद अजमतउल्लाह हुसैनी ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के गुजरात अधिवेशन में संगठन को निचले स्तर पर मजबूत कैसे किया जाए इस पर गंभीरता से चिंतन किया गया। कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र एवं संविधान पर विश्वास करती है। कांग्रेस 100 साल से भी अधिक समय से लोगों की सेवा में जुड़ा हुआ संगठन है।
देश में सिर्फ कांग्रेस पार्टी ही एकमात्र संगठन है जो संविधान को बचाने का कार्य कर रही है। कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े हुए निचले स्तर के कार्यकर्ताओं को नेतृत्व का मौका देना है। जिला अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया को 20 अक्टूबर तक पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजनीतिक, सामाजिक संगठनों से चर्चा कर नए नेतृत्व का चयन करेंगे। लोगों के बीच सक्रियता ही चयन का मापदंड होगा।
<
