रायपुर6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का खुमारी इन दिनों पूरे देश में छाया हुआ है। रायपुर में भी क्रिकेट प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
राजधानी के शहीद वीरनारायध सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला होना है। इस मुकाबले के टिकटों की भारी डिमांड है।
ऑनलाइन बिक्री शुरू होते ही कुछ ही मिनटों में अधिकांश टिकट सोल्ड आउट हो गए। इसके बाद अब ब्लैक मार्केट में टिकटों की कालाबाजारी शुरू हो गई है।
3 हजार 500 रुपए का टिकट 4 से 5 हजार रुपए तक में बेचा जा रहा है। दलाल ऑनलाइन पैसा भेजने पर तत्काल दो मिनट में टिकट भेजने का दावा कर रहे है। लोवर टिकट से लेकर सेमी हॉस्पिटैलिटी तक का टिकट कालाबाजारी के माध्यम से आसानी से उपलब्ध है।

दलाल इंस्टाग्राम की मदद से टिकट बेच रहे है।
भास्कर स्टिंग में दलाल ने टिकट बेचने की बात स्वीकारी
पुलिस की चेतावनी और निगरानी के बावजूद शहर में टिकट बेचने वाले सक्रिय हैं। दैनिक भास्कर की टीम ने दो दिनों तक इस पूरे नेटवर्क की पड़ताल की। स्टिंग ऑपरेशन के दौरान टीम ने टिकट ब्लैक करने वाले एजेंट से संपर्क किया।

दलाल इंस्टाग्राम की मदद से टिकट बेच रहे है।
एजेंट ने सोशल मीडिया इंस्टाग्राम में आरसीबी वर्सेस एमआई रायपुर पेज के संचालक से संपर्क किया। टिकट की कालाबाजारी कर रहे दलाल ने पहले व्हाट्सएप चैट पर टिकट का प्रचार प्रसार किया। फिर चैटिंग शुरु करने पर एडवांस पैसा देने के लिए कहा। भास्कर रिपोर्टर ज्यादा पैसे देने के लिए तैयार हो गया तो टिकट दलाल ने अपना पसर्नल मोबाइल नंबर भेजा और बात करने के लिए कहा।

दलाल इंस्टाग्राम की मदद से टिकट बेच रहे है।
देर रात होने पर रिपोर्टर ने फोन नहीं किया, तो टिकट दलाल का कॉल आया और उसने जल्द टिकट लेने की सलाह दी। रिपोर्ट ने अगले दिन बात करने के लिए कहा तो टिकट और महंगा हो जाएगा बोलकर जल्द से जल्द डिसीजन लेने की सलाह टिकट दलाल ने दी।
पढ़े रिपोर्टर और टिकट दलाल के बीच बातचीत का अंश
रिपोर्टर: टिकट अवलेबल है क्या?
टिकट दलाल: हां जी।
रिपोर्टर: कौन सा टिकट है?
टिकट दलाल: लोवर स्टैंड 2 में है। 8 हजार का दो मिलेगा। एक लोगे तो 4200 का मिलेगा। अगर चाहिए तो जल्दी बताना।
रिपोर्टर: पांच टिकट चाहिए?
टिकट दलाल: थोडी महंगी वाली चलेगी।
रिपोर्टर: कितने वाली?
टिकट दलाल: 6 हजार वाली टिकट अवलेबल है।
रिपोर्टर: कहां की टिकट है ये?
टिकट दलाल: एक काम कीजिए? 3 ये वाली ले लीजिए? दो टिकट सस्ती वाली ले लीजिए? 6 हजार वाली लोवर स्टैंड 5 की टिकट है।
रिपोर्टर: टिकट कैसे देंगे?
टिकट दलाल: ऑनलाइन ट्रांसफर वाली टिकट है। आप जब पेमेंट करेंगे तो दो मिनट में टिकट आपको शेयर कर दूंगा।
रिपोर्टर: टिकट ऑनलाइन ट्रांसफर करने पर दो बार से ज्यादा ट्रांसफर हुआ तो ब्लॉक हो जाएगा क्या?
टिकट दलाल: अरे भरोसा रखिए भाई। अपना फोन नंबर दे रहा हूं आपको, कौन–कौन सा टिकट चाहिए बताइएगा? अपना फोन नंबर आप दीजिए।
(रिपोर्टर को नंबर देने के बाद टिकट दलाल ने ऑनलाइन कॉल किया। ऑनलाइन कॉल रिसीव नहीं करने पर टिकट जल्दी खरीदने का मैसेज किया। )

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने अपने सोशल मीडिया पेज में ये चेतावनी जारी की है।
पुलिस की सख्ती का भी असर नहीं
रायपुर पुलिस के अधिकारियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से टिकट दलालों को चेतावनी जारी की थी। रायपुर कमिश्नरेट के अधिकारियों ने लिखा था, कि आईपीएल में टिकट ब्लैक में बेचा या खरीदा तो जाओगे सलाखों के पीछे। भरोगे तगड़ा जुर्माना। खेल का मजा करोगे खराब तो करोंगे खुद को बदनाम।
अब पढ़े पुलिस अधिकारियों ने क्या कहा
रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला से दैनिक भास्कर टीम ने टिकट की कालाबाजारी को लेकर बात की। कमिश्नर डॉ. शुक्ला ने कहा, ब्लैक में टिकट बेचना अपराध है।
अधिकृत शिकायत आते ही तत्काल एक्शन लिया जाएगा। सोशल मीडिया से टिकट बेचने की आड़ में कुछ लोग ठगी भी कर रहे है। इस तरह के लोगों से बचने की आवश्यकता क्रिकेट प्रेमियों को है।
अब पढ़े टिकट और उसका मूल्य
| STAND NAME | RATE |
| P2 STAND | 40,000 |
| P TERRACE | 35,000 |
| P CORPORATE | 20,000 |
| P1 STAND | 15,000 |
| CORPORATE BOX | 35,000 |
| P1 ANNEXE A & P1 ANNEXE B | 8,000 |
| LOWER 5, 6 | 5,500 |
| LOWER 2, 3, 4, 7, 8, 9 | 3,500 |
| UPPER 1, 5, 6 | 3,000 |
| UPPER 2, 3, 4, 7, 8, 9 | 2,500 |
चार्ट से समझे स्टेडियम की किस लाइन में बैठना है टिकटधारियों को

इस चार्ट के माध्यम से टिकटधारी अपने बैठने की जगह को समझ सकता है।

स्टेडियम के अंदर ये सब ले जाना प्रतिबंधित।
स्टेडियम में ये सामान ले जाने पर बैन
स्टूल, छाता, रोलर, स्केट्स बोर्ड, हथियार, पटाखे, चाकू, तलवार, कैंची और अन्य धारदार वस्तुएं शामिल हैं। कांच के कंटेनर, बड़े बैग, सूटकेस, लेडीज बैग, लैपटॉप, कैमरा, लेजर लाइट, परफ्यूम स्प्रे, सिरिंज, पेन-पेंसिल, फुग्गे, लाठी, हॉकी स्टिक, झंडे, जानवर और प्रचार सामग्री भी प्रतिबंधित रहेगी।

आईपीएल के मद्देनजर ट्रैफिक रूट पुलिस ने जारी किया है।
आईपीएल के लिए ट्रैफिक रूट तैयार
मैच को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने रूट मैप तैयार किया है। जिन दर्शकों के पास कार पास होगा, वे तेलीबांधा और जीई रोड से सेरीखेड़ी ओवरब्रिज होते हुए नवा रायपुर पहुंचेंगे। वहां से स्टेडियम टर्निंग, डॉ. चंदूलाल चंद्राकर चौक, कयाबांधा चौक, कोटराभाटा चौक, पलौद चौक और सेंध गांव मार्ग से स्टेडियम तक पहुंच सकेंगे।
ऐसे दर्शकों के लिए स्टेडियम परिसर में ए, बी, सी, डी और ई पार्किंग निर्धारित की गई है। सुरक्षा के मद्देनजर शराबियों को प्रवेश नहीं मिलेगा। हर एंट्री गेट पर जांच मशीनें लगेंगी। इन आसान रास्तों से पहुंच सकेंगे स्टेडियम
- रायपुर से आने वाले तेलीबांधा, सेरीखेड़ी ओवरब्रिज होकर स्टेडियम पहुंचेंगे, पार्किंग सत्यसाईं अस्पताल व सेंध तालाब।
- महासमुंद, सरायपाली, रायगढ़ से आने वाले आरंग-नवागांव मार्ग से स्टेडियम पहुंचेंगे, पार्किंग परसदा और कोसा।
- राजनांदगांव, दुर्ग से आने वाले टाटीबंध, पचपेड़ी नाका, सेरीखेड़ी होकर स्टेडियम पहुंचेंगे, पार्किंग सेंध तालाब।
- बस्तर, कांकेर, बालोद, धमतरी से आने वाले मंत्रालय चौक, सेंध तालाब होकर स्टेडियम पहुंचेंगे।
- बलौदाबाजार, खरोरा से आने वाले विधानसभा ओवरब्रिज, मंदिर हसौद, नवागांव होकर स्टेडियम पहुंचेंगे।
- बिलासपुर और कवर्धा से आने वाले धनेली नाला, रिंग रोड-3, नवागांव होकर स्टेडियम पहुंच सकते हैं।
वैध पास पर ही प्रवेश
दर्शकों से कहा गया है कि वे समय से पहले स्टेडियम पहुंचे, टिकट पर अंकित गेट का पालन करें और सुरक्षा जांच में सहयोग करें। वैध टिकट या पास धारकों को ही प्रवेश दिया जाएगा।

<
