भास्कर न्यूज | संगम आदिवासी छात्र युवा संगठन ने छोटे बेटिया क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास खोलने की मांग को लेकर अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी और कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य और शिक्षा की मूलभूत सुविधाओं के अभाव में ग्रामीणों और विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन के छोटे बेटिया सर्किल अध्यक्ष लक्ष्मण मंडावी ने बताया कि छोटे बेटिया सहित आसपास के गांवों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नहीं होने से ग्रामीणों को इलाज के लिए दूर-दराज क्षेत्रों में जाना पड़ता है। गंभीर मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पाने से आर्थिक और शारीरिक दोनों तरह की दिक्कतें बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शुरू किया जाना जरूरी है। संगठन ने यह भी बताया कि पोस्टमैट्रिक बालक छात्रावास की सुविधा नहीं होने से आदिवासी विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। दूरस्थ गांवों से आने वाले छात्र रहने की समस्या के कारण नियमित पढ़ाई नहीं कर पाते, जिससे कई विद्यार्थियों के पढ़ाई छोड़ने की नौबत आ जाती है। संगठन ने कहा कि छात्रावास शुरू होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा। पदाधिकारियों ने विधायक से मांगों पर जल्द कार्रवाई करने की अपील की। इस दौरान संगठन के उपाध्यक्ष सोमा नूरेटी, विनोद कुमेटी और नड़गु उइके सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
<
