Uncategorized

रायगढ़ में प्रेमजाल में फंसाकर युवती को बंधक बनाने और 50 हजार रुपए मांगने का मामला, आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में युवती को प्रेमजाल में फंसाकर बंधक बनाने और फोटो वायरल कर बदनाम करने की धमकी देकर 50 हजार रुपए मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अजरूदीन अली उर्फ अज्जू (20), निवासी मौदहापारा के रूप में हुई है। मामला चक्रधरनगर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, 5 सितंबर को महिला ने चक्रधरनगर थाने में अपनी 24 वर्षीय बेटी के 3 सितंबर से लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 140(3) BNS के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान तकनीकी जानकारी और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बुधवार को अटल विहार, कोतरारोड़ स्थित एक मकान में दबिश दी। यहां से युवती को संदेही अजरूदीन अली उर्फ अज्जू के कब्जे से बरामद किया गया। महिला पुलिस अधिकारी ने युवती का बयान दर्ज किया।

युवती ने बताया कि 1 सितंबर को वह अपनी सहेली के साथ सावित्री नगर स्थित मीना बाजार मेला देखने गई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात अज्जू से हुई। दोनों ने मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान किया और बातचीत शुरू हो गई।

युवती के मुताबिक, आरोपी उसे मिलने के लिए रायपुर जाने और वहां होटल में रुकने के लिए दबाव बना रहा था। इसके बाद आरोपी उसे रायपुर ले गया और अपने परिचित के होटल में रुकवाया। आरोप है कि आरोपी ने होटल में अपना परिचय दिखाकर उसे चेकआउट नहीं करने दिया और उसे बाहर जाने से रोक दिया।

युवती ने बताया कि वह किसी तरह 13 सितंबर को ट्रेन से रायगढ़ पहुंची। इसकी जानकारी मिलने पर आरोपी उसे रायगढ़ रेलवे स्टेशन से अपने साथ ले गया और एक होटल में रखा। युवती के मुताबिक, वहां भी उसे बाहर जाने नहीं दिया गया।

युवती ने पुलिस को बताया कि घर जाने की जिद करने पर आरोपी उसे ऑटो से अटल विहार, कोतरारोड़ स्थित एक मकान में ले गया और वहां बंधक बनाकर रखा। आरोपी मीना बाजार में खींची गई उसकी फोटो और उसके साथ रहने की बात सार्वजनिक कर बदनाम करने की धमकी देने लगा। आरोपी का कहना था कि उस पर 50 हजार रुपए से अधिक खर्च हो चुके हैं। वह युवती से 50 हजार रुपए मांग रहा था और रुपए नहीं देने पर उसे जाने नहीं देने की बात कहता था।

पुलिस ने आरोपी अजरूदीन अली उर्फ अज्जू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उसके मोबाइल फोन की जांच कर रही है। सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। किसी महिला को बहला-फुसलाकर बंधक बनाने, धमकाने या ब्लैकमेल करने की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button