जांजगीर-चांपा जिले की चांपा पुलिस ने पोस्ट ऑफिस की आरडी योजना के नाम पर धोखाधड़ी के आरोप में एक एजेंट को गिरफ्तार किया है। आरोपी दीपक देवांगन (35) पर लगभग 200 खाताधारकों से 1 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी का आरोप है।
.
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने ठगी की गई राशि को ऑनलाइन बेटिंग ऐप के माध्यम से गंवाने की बात स्वीकार की है। उसके पास से एक मोबाइल, दो फर्जी सिम कार्ड, चार बैंक खाते, लगभग 150 पोस्ट ऑफिस खाते, एजेंट का लाइसेंस और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

ग्राहक ने 66,000 रुपये जमा किए, केवल 6,900 रुपये ही हुए जमा
यह मामला 16 दिसंबर को राजकुमार देवांगन द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के बाद सामने आया। राजकुमार ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2018 में चांपा पोस्ट ऑफिस में दो खाते खुलवाए थे और एजेंट दीपक देवांगन के माध्यम से प्रतिमाह 1500 रुपये जमा करते थे। उन्होंने कुल 66,000 रुपये जमा करने के लिए दिए थे, लेकिन उनके खातों में केवल 6,900 रुपये ही जमा किए गए।
आरोपी ने फर्जी एंट्री और मुहर का इस्तेमाल कर 200 खाताधारकों से की ठगी
शेष 59,100 रुपये जमा नहीं किए गए और आरोपी ने फर्जी एंट्री, पोस्ट ऑफिस की मुहर और हस्ताक्षर का इस्तेमाल किया। जांच में पता चला कि आरोपी ने इसी तरह लगभग 200 खाताधारकों से पांच साल में अलग-अलग किस्तों में लगभग 1 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है।
चांपा थाना में अपराध दर्ज होने के बाद से दीपक देवांगन फरार था। पुलिस ने तकनीकी सहायता से उसे खोज निकाला और हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने धोखाधड़ी और ऑनलाइन बेटिंग में पैसे गंवाने की बात कबूल की। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
<
