![]()
बेमेतरा जिले के बेरला जनपद के ग्राम पंचायत बहेरघट में अवैध शराब बिक्री और पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। समस्याओं के समाधान नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और जल्द कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि, गांव में लंबे समय से खुलेआम अवैध शराब की बिक्री हो रही है। इससे सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है और युवा वर्ग गलत दिशा में जा रहा है। शराबियों के उत्पात से महिलाओं और परिवारों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महिलाएं और बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित ग्राम पंचायत की उपसरपंच किरण मिश्रा ने बताया कि, अवैध शराब के कारण गांव का माहौल लगातार खराब हो रहा है। बच्चे नशे की ओर आकर्षित हो रहे हैं। महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। टंकी बनी, लेकिन गांव तक नहीं पहुंचा पानी गांव में पेयजल संकट भी गंभीर बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार नल-जल योजना के तहत पानी टंकी का निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन आज तक नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी। इसके चलते लोगों को दूर-दराज के जलस्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है। जनदर्शन और सुशासन तिहार में भी उठाई समस्या ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार सुशासन तिहार और जिला स्तरीय जनदर्शन कार्यक्रम में आवेदन देकर अपनी समस्याएं बताई हैं। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। चक्काजाम और आंदोलन की चेतावनी ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे चक्काजाम और उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उनका कहना है कि अवैध शराब और पेयजल जैसी मूलभूत समस्याओं पर प्रशासन की उदासीनता अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ‘बच्चे बर्बाद हो रहे, पानी के लिए भटकना पड़ रहा’ उपसरपंच किरण मिश्रा और ग्रामीणों ने कहा कि अवैध शराब से गांव के बच्चे प्रभावित हो रहे हैं, महिलाएं परेशान हैं और पानी टंकी बनने के बाद भी लोगों को पानी नहीं मिल रहा। उन्होंने प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की है। कलेक्टर ने दिए कार्रवाई के निर्देश ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की तरफ से ज्ञापन सौंपे जाने के बाद कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने कहा कि, अवैध शराब बिक्री और जल संकट की शिकायत मिली है। संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं।
<
