द ब्लेज ई न्यूज,भोपाल: अज्ञात आरोपियों ने एक दवाई दुकान के वर्कर पर हमला कर उसके गुप्तांग को काट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिलेके डोंगरगांव थाना क्षेत्र का है। पीड़ित के अनुसार वह दुकान बंद होने के बाद मंगलवार की देर रात को अपने घर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान एक बाइक में सवार चार अज्ञात लोग पहुंचे और उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने लात घूंसों से उसकी पिटाई करने के बाद पेट व पीठ में धारदार हथियार से हमला कर दिया। पीड़ित के घायल हो कर जमीन में गिर पड़ने के बाद हमलावरों ने उसके गुप्तांग को काट दिया। इससे पीड़ित बेहोश हो गया। कुछ देर बाद होश में आने के बाद पीड़ित ने अपने परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजनों ने उसे इलाज के लिए गाडरवारा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने जबलपुर मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया है। मामले में डोंगरगांव पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
