छत्तीसगढ़ के धमतरी में बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र शास्त्री का आगमन हुआ। उन्होंने गंगरेल बांध स्थित माँ अंगारमोती धाम में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मीडिया से चर्चा के दौरान पंडित शास्त्री ने धर्मांतरण को देश की सबसे बड़ी बीमारी बताया।
.
गुरुवार सुबह पंडित धीरेंद्र शास्त्री मां अंगारमोती के दर्शन के लिए पहुंचे। इस दौरान भक्तों ने उनका भव्य स्वागत किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर में उन्होंने मत्था टेका और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। पूजा के बाद मंदिर के पुजारी ने उन्हें माता की चुनरी भेंट कर पगड़ी पहनाई।

रायपुर में चल रही कथा संपन्न होने के बाद धमतरी पहुंचे धीरेंद्र शास्त्री
पंडित शास्त्री रायपुर के गुढ़ियारी में चल रही अपनी कथा संपन्न होने के बाद धमतरी पहुंचे थे। बताया जाता है कि जब भी बागेश्वर सरकार छत्तीसगढ़ आते हैं, वे मां अंगारमोती का दर्शन अवश्य करते हैं और आशीर्वाद लेकर लौटते हैं।
मीडिया से बातचीत में पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने धर्मांतरण को लेकर कहा कि इसे रोकने के लिए समस्त हिंदुओं को जागृत होना पड़ेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब तक हिंदू स्वयं जागृत नहीं होंगे, किसी के रोकने से धर्मांतरण नहीं रुक सकता।शास्त्री ने कहा कि धर्मांतरण देश की सबसे बड़ी बीमारी है।

हिंदू एकता से ही रुकेगा धर्मांतरण
उन्होंने कठोर कानून बनाने की वकालत की और हिंदुओं से जातिगत भेदभाव मिटाकर पिछड़े और बिछड़े लोगों को गले लगाने का आह्वान किया, जिससे धर्मांतरण को रोका जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि वे भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए प्रार्थना कर रहे हैं, और फल देना भगवान का काम है।


<
