![]()
पंडवानी की प्रसिद्ध गायिका और पद्मविभूषण से सम्मानित तीजन बाई की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई है। सोमवार 3 नवंबर को उनकी तबीयत अचानक खराब होने पर परिजन उन्हें रायपुर एम्स लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें भर्ती करने की सलाह दी है।
.
फिलहाल तीजन बाई को घर वापस ले जाया गया है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है, लेकिन डॉक्टरों ने अगले एक-दो दिन में अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत जताई है।
कुछ दिनों से ठीक नहीं चल रही तबीयत
तीजन बाई की बहू वेणु देशमुख ने बताया कि, मां की तबीयत पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं थी। हम लोग उन्हें चेकअप के लिए एम्स लेकर गए थे। मेडिसिन भी दो-तीन दिन का बचा था, वही लेने के लिए गए थे। डॉक्टरों ने बताया कि हालत पहले जैसी ही है, लेकिन कमजोरी बढ़ गई है।
वेणु देशमुख ने यह भी बताया कि तीजन बाई को हॉस्पिटल का नाम सुनकर घबराहट होने लगती है, इसलिए फिलहाल उन्हें घर वापस लाया गया है।
एक दो दिनों में भर्ती करने की सलाह
डॉक्टरों के अनुसार, तीजन बाई का खाना ठीक से नहीं हो पा रहा है, जिसके कारण शरीर में कमजोरी आ गई है। वे खड़ी भी नहीं हो पा रही हैं। डॉक्टरों ने इसके लिए पोषणयुक्त आहार और योग थेरेपी शुरू करने की सलाह दी है।
वहीं परिवार के सदस्य इस बात पर विचार कर रहे हैं कि उन्हें अस्पताल में भर्ती किया जाए या नहीं। डॉक्टरों ने साफ कहा है कि अगर भर्ती नहीं किया गया तो रोजाना उन्हें एम्स लाना पड़ेगा, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ सकती है।
परिवार के लोग कर रहे विचार-विमर्श
तीजन बाई के बेटे और बहू, बहन समेत अन्य परिवार के सदस्यों ने डॉक्टरों की सलाह पर विचार करने का निर्णय लिया है। बताया जा रहा है कि तीजन बाई को एम्स में भर्ती किया जाएगा या नहीं एक दो दिन में क्लियर हो जाएगा। शाम करीब 6 बजे तीजन बाई को एम्स से वापस घर लाया गया। डॉक्टरों की टीम लगातार संपर्क में है और घर पर भी उनकी देखरेख की जा रही है।
राज्योत्सव में पीएम मोदी ने जाना था हाल
गौरतलब है कि, 1 नवंबर को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस के अवसर पर तीजन बाई से फोन पर बात कर उनका हालचाल जाना था। प्रधानमंत्री ने उनके स्वास्थ्य और योगदान की सराहना करते हुए दीर्घायु की कामना भी की थी। दो दिन बाद ही उन्हें चेकअप के लिए एम्स रायपुर लाया गया है। अब डॉक्टरों ने भी तीजन बाई को भर्ती करने की सलाह दी है।
<
