![]()
.
जिला प्रशासन ने जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने तैयारी शुरू कर दी है। कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने गुरूर विकासखंड के कनेरी एवं मिर्रीटोला सहकारी समितियों में पहुंचकर एग्रीस्टेक में कराए जा रहे किसान पंजीयन के कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने सहकारी समितियों में बैठकर एग्रीस्टेक पोर्टल में किए जा रहे किसानों के पंजीयन कार्य का निरीक्षण किया। एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीयन कराने शेष रह गए किसानों से बातचीत कर धान खरीदी योजना का लाभ लेने अनिवार्य रूप से पंजीयन कराने की समझाइश दी।
उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीयन के लिए शेष रह गए किसानों का पंजीयन कराने कोटवारों को उनके घरों में भेजकर अनिवार्य रूप से सूचित कराने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने बताया कि किसान संबंधित सहकारी समितियों के अलावा ग्राहक सेवा केन्द्रों में पहुंचकर अपना पंजीयन करा सकते हैं। अपना व्यक्तिगत जानकारी अद्यतन करा सकते हैं। किसानों को अपना किसान किताब, आधार कार्ड एवं मोबाइल के साथ निर्धारित स्थानों में उपस्थित होना अनिवार्य है। इस दौरान एसडीएम रामकुमार सोनकर, तहसीलदार हनमुंत श्याम, नायब तहसीलदार रमेश मंडावी आदि उपस्थित थे।
<
