रांची में जीत के बाद सीरीज का दूसरा वनडे मैच खेलने टीम इंडिया रायपुर पहुंच गई है। बुधवार को 1:30 बजे से नवा रायपुर के क्रिकेट स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका का मुकाबला होगा।
.
अब फैंस उम्मीद लगाए बैठे हैं कि इस बार भी नतीजा देश के पक्ष में ही जाएगा। इसकी बड़ी वजह है रायपुर का रिकॉर्ड। 21 जनवरी 2023 में इस मैदान पर खेले गए इंटरनेशनल वन-डे में भारत ने न्यूजीलैंड को 8 विकेट से हराया था, जबकि टी-20 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 44 रनों से दमदार जीत मिली थी।
वहीं, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 मैच भी भारत जीत चुका है। 2023 में हुए वनडे में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 108 रन पर समेट दिया था। इसमें मोहम्मद शमी ने 18 रन देकर तीन विकेट चटकाए और मैन ऑफ द मैच चुने गए थे। इस बार भी मौसम और पिच दोनों टीम इंडिया के साथ नजर आ रहे हैं।
पिच बैलेंस्ड है, लेकिन शुरुआती ओवरों में पेसर्स को मदद मिलनी चाहिए। रायपुर के पिच की सबसे बड़ी खासियत है इसकी प्राकृतिक उछाल, जो तेज गेंदबाजों को बेहतरीन सहायता देती है। भारत के पेस अटैक ने पिछले दोनों मैचों में इसका पूरा फायदा उठाया था। स्विंग, सीम और हार्ड लेंथ, तीनों पर गेंदबाजों को बेहतरीन रेस्पॉन्स मिला।
ओस की बूंदों का बड़ा रोल
टीम इंडिया के गेंदबाज भी इस पिच को अपने लिए अनुकूल मानते हैं। रात के वक्त हल्की नमी गेंदबाजों को और मदद देती है, जिससे डे-नाइट मुकाबले और भी रोमांचक बन जाते हैं। दूसरी ओर दोपहर के वक्त नेट्स पर पहुंची दक्षिण अफ्रीका की टीम के बल्लेबाज यहां रन बनाने के लिए संघर्ष करते दिखे हैं, क्योंकि गेंद नई होने पर तेजी से बैट से निकलती नहीं है। यही वजह है कि शुरुआती झटके यहां आम हैं।
स्पिनर्स हो सकते हैं गेमचेंजर
दक्षिण अफ्रीका ने भारतीय स्पिनर्स के खिलाफ अपनी कमजोरी को ध्यान में रखते हुए खास तौर पर छत्तीसगढ़ के चार ऑफ और लेग स्पिनर्स को बुलाकर उन्हें नेट्स में गेंदबाजी कराई। करीब ढाई घंटे तक दोनों टीमों ने अलग-अलग ग्रुप में अभ्यास किया।
टीम मैनेजमेंट चाहता है कि बल्लेबाज भारतीय स्पिन अटैक के खिलाफ बेहतर तैयार रहें। अभ्यास के दौरान टीम के बल्लेबाज डिफेंस और स्वीप शॉट्स पर ज्यादा फोकस करते दिखे। हर्षित राणा का बयान बना चर्चा, नेट्स के पहले हर्षित राणा ने कहा कि वह आलोचनाओं से नहीं डरते। ‘कौन क्या कह रहा है, इससे फर्क नहीं पड़ता। मैं सिर्फ अपने गेम पर ध्यान देता हूं।’
राजीव शुक्ला और प्रज्ञान ओझा पहुंचे रायपुर, आज होगी रणनीतिक बैठक
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर, चयन समिति के अध्यक्ष अजीत आगरकर, प्रज्ञान ओझा और कुछ अन्य शीर्ष अधिकारियों के साथ बुधवार को दूसरे वनडे से पहले एक जरूरी बैठक बुलाई है। इसमें कुछ अहम मुद्दों पर चर्चा की जा सकती है।
यह फैसला ऐसे समय में आया है जब टीम इंडिया के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हैं। दोनों ही खिलाड़ियों ने हाल के मैचों में शानदार प्रदर्शन कर फॉर्म में वापसी की है।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस बैठक में बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया, संयुक्त सचिव प्रभतेज सिंह भाटिया, मुख्य कोच गौतम गंभीर और राष्ट्रीय चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर शामिल हो सकते हैं। रिपोर्ट में एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि यह बैठक टीम में ‘चयन में निरंतरता’ बनाए रखने के लिए बुलाई गई है।
टिकट की ब्लैक मार्केटिंग का नया तरीका, ऑफलाइन नहीं, पूरी बिक्री ऑनलाइन
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर क्रिकेट फैंस में उत्साह चरम पर है, लेकिन फैंस को टिकट नहीं मिलने का मलाल भी है। इसी बीच ऑनलाइन टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग ने प्रशासन की नींद उड़ा दी है। स्टेडियम के सभी प्रमुख स्टैंड्स की टिकटें आधिकारिक पोर्टल पर कुछ ही मिनटों में खत्म हो गईं, जिसके बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और अनौपचारिक ऑनलाइन ग्रुप्स में टिकटों की अवैध बिक्री तेज हो गई है।
इसके अलावा लोग फिजिकल टिकट लेने के लिए लाइन में लगे। जबकि कालाबाजारियों ने अपना ऐप डेवलप कर ऑनलाइन ही टिकट की बुकिंग शुरू कर दी।

बुकी से टिकटों की कालाबाजारी
नागपुर के एक व्यक्ति ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि मैच टिकट की ब्लैक मार्केटिंग बहुत ही सभ्य तरीके से की जाती है। पहले वीपीएन से एप डेवलप किया जाता है। इसके बाद बुकी बिठाकर टिकटों की कालाबाजारी की जाती है। लेकिन इसके लिए भी व्यक्ति को एप का रजिस्टर्ड मेंबर देना होगा, जिसमें आपका आधार कार्ड अनिवार्य है।
एप में 2 तारीख तक टिकट उपलब्ध
दैनिक भास्कर को मिली एप के स्क्रीनशॉट में साफ नजर आ रहा है कि उसमें लगभग चारों ओर स्टैंड्स की टिकट उपलब्ध है। जबकि मैच टिकट की ऑफिशियल वेबसाइट में टिकट जीनी. इन में सभी स्टैंड्स की टिकट सोल्ड आउट हो गई।
<
