![]()
रायपुर के पुराना आमानाका इलाके में खुलेआम तलवार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी डूमर तालाब के पास हाथ में धारदार तलवार लेकर राहगीरों में दहशत फैला रहा था। सूचना मिलते ही आमानाका पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार शुक्रवार शाम पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली कि एक युवक पुराना आमानाका स्थित डूमर तालाब के पास लोहे की तलवार लहराकर लोगों को डरा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और गवाहों की मौजूदगी में आरोपी को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध धारदार लोहे की तलवार बरामद हुई। पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज किया। आरोपी को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर गिरफ्तार आरोपी की पहचान भानू प्रसाद बारले (29) के रूप में हुई है। वह कान्हा पब्लिक स्कूल के पास, ग्राम सोनडोंगरी, थाना कबीर नगर क्षेत्र का रहने वाला है। थाना आमानाका में अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने और आम लोगों में भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। शाम की पेट्रोलिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
<
