![]()
जिला जेल पेंड्रारोड में एक विचाराधीन कैदी के फरार होने की कोशिश से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। कैदी जेल की मुख्य दीवार फांदकर भाग निकला था, लेकिन जेल प्रहरियों और प्रशासन की तत्परता से उसे कुछ ही समय में दोबारा पकड़ लिया गया। मामले में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जानकारी के अनुसार, कुलदीप राठौर उर्फ पटेल (19) निवासी बचरवार को पेण्ड्रा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया था। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के रिमांड वारंट पर उसे 10 जून को जिला जेल पेंड्रारोड में दाखिल किया गया था। प्रहरियों को चकमा देकर दीवार फांदकर हुआ फरार 12 जून की सुबह करीब 6 बजे से 10 बजे के बीच आरोपी ने ड्यूटी पर तैनात जेल प्रहरियों को चकमा दिया और जेल की ऊंची मुख्य दीवार फांदकर फरार हो गया। बंदी के भागने की जानकारी मिलते ही जेल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई। घेराबंदी कर दोबारा पकड़ा गया घटना के बाद जेल स्टाफ ने तत्काल घेराबंदी शुरू की और फरार बंदी का पीछा किया। कुछ ही समय में कुलदीप राठौर को पकड़ लिया गया और सुरक्षित रूप से वापस जिला जेल में दाखिल कर दिया गया। जेल प्रशासन ने दर्ज कराई FIR घटना को गंभीर मानते हुए जिला जेल पेंड्रारोड के सहायक जेल अधीक्षक ने गौरेला थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ जेल से भागने के प्रयास का मामला दर्ज करने का अनुरोध किया है। सुरक्षा व्यवस्था की होगी जांच जेल प्रशासन ने घटना की रिपोर्ट केंद्रीय जेल बिलासपुर को भी भेज दी है। साथ ही यह जांच शुरू कर दी गई है कि सुरक्षा व्यवस्था में चूक कहां हुई, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
<
