![]()
जशपुर पुलिस ने गौ तस्करी के कुख्यात आरोपी महताब खान को गिरफ्तार कर लिया है। लोदाम थाना क्षेत्र के साईं टांगर टोली निवासी 22 वर्षीय महताब खान को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
.
महताब खान लोदाम, सिटी कोतवाली जशपुर और नारायणपुर थानों में गौ तस्करी के कई मामलों में मोस्ट वांटेड था। उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत मामले दर्ज हैं।
नारायणपुर थाना क्षेत्र में दर्ज एक गौ तस्करी प्रकरण में कोर्ट ने उसके खिलाफ स्थाई वारंट भी जारी किया था।
पिकअप में भरकर ले जा रहे थे मवेशी
लोदाम थाना क्षेत्र से जुड़ा एक मामला 25 अगस्त 2025 का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक सफेद पिकअप (क्रमांक JH-01GC-7297) में गौवंशों को बेरहमी से भरकर जशपुर से झारखंड ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी की।
जामटोली के पास गौ-तस्कर पिकअप छोड़कर फरार
ग्राम जामटोली के पास पिकअप को आते देख पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। हालांकि, तस्कर वाहन को तेजी से भगाकर फरार हो गए। पीछा करने पर उन्होंने वाहन को जामटोली नदी पुल के पास छोड़ दिया और भाग निकले। पुलिस ने मौके से 11 गौवंशों को सुरक्षित बरामद कर वाहन जब्त कर लिया था।
ट्रक से झारखंड ले जाए जा रहे थे गौवंश
सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का दूसरा मामला 23 दिसंबर 2024 का है। कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि ट्रक क्रमांक JH01EK9395 में बड़ी संख्या में गौवंशों को भरकर झारखंड ले जाया जा रहा है। इसके बाद लोरो घाट से काईकछार तक नाकाबंदी की गई।
नाकाबंदी तोड़ भागा ट्रक, टायर फटने से लगी आग
नाकाबंदी के दौरान ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस को देखकर वाहन की गति बढ़ा दी। पीछा करने के दौरान ग्राम काईकछार के पास ट्रक का टायर फट गया, जिससे उसमें आग लग गई। आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आग बुझाकर ट्रक से 14 जीवित और 6 मृत गौवंशों को बरामद किया था।
पुलिस ने दोनों मामलों के फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। लगातार दबिश के बीच मुखबिर से सूचना मिली कि महताब खान अपने गृह ग्राम साईं टांगर टोली आया है।
पुलिस ने आरोपी को घर से किया गिरफ्तार
पुलिस टीम ने गांव में घेराबंदी की और महताब खान को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया।
मामले पर एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह ने कहा –“गौ तस्करी के मामलों में फरार एक कुख्यात तस्कर को पुलिस ने पकड़ लिया है। थाना सिटी कोतवाली जशपुर, लोदाम व नारायणपुर के गौ तस्करी प्रकरणों में यह वांछित था। पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी है। गौ तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”
<
