![]()
मुंगेली जिले में जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित सुशासन तिहार आमजनों के लिए भरोसे का सशक्त माध्यम बन रहा है। इसी कड़ी में लोरमी विकासखंड के ग्राम कोदवामहंत में आयोजित समाधान शिविर में उपमुख्यमंत्री अरुण साव शामिल हुए। उपमुख्यमंत्री साव ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और अधिकारियों को आमजनों को योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में बच्चों का अन्नप्राशन एवं गोदभराई कराते हुए उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान और शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनकल्याण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि प्रदेश में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। गांव-गांव में सड़क, पुल-पुलिया, आवास और मूलभूत सुविधाओं के निर्माण कार्य तेजी से संचालित हैं। उन्होंने दोहराया कि सरकार अपनी सभी गारंटियों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के विकास के लिए लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत लगभग 67 करोड़ रुपये के सड़क, पुल एवं पुलिया निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। ग्राम कोदवामहंत में 61 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा, सीसी रोड एवं पुलिया निर्माण के लिए भी राशि स्वीकृत की गई है, जिससे ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री साव ने ग्राम कोदवामहंत में विद्युत सब स्टेशन की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने बिठलदह में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र के लिए 5 लाख रुपये, ग्राम ढोलगी में पंचायत भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये और ग्राम झझपुरीकला में उप स्वास्थ्य केंद्र के लिए 28.51 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की। शिविर में अलग-अलग विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र हितग्राहियों को लाभ दिया गया। इस दौरान एक दिव्यांग व्यक्ति को मोटराइज्ड ट्रायसाइकिल दी गई। 10 किसानों को केसीसी योजना के तहत चेक प्रदान किए गए। बिहान योजना के अंतर्गत 20 महिलाओं को भी आर्थिक सहायता के चेक दिए गए। इसके अलावा 2 लोगों को मत्स्य जाल, 40 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना की चाबी दी गई। 10 लोगों को फलदार पौधे, 5 लोगों को आयुष्मान और वय वंदना कार्ड दिए गए। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 93 लोगों को शौचालय स्वीकृति प्रमाण पत्र मिले, वहीं 40 लोगों को राशन कार्ड भी दिए गए। 5 लोगों को मनरेगा जॉब कार्ड, 3 को नोनी सुरक्षा योजना का बॉन्ड पेपर और 3 बच्चों को विद्यारंभ प्रमाण पत्र दिया गया। इसके साथ ही 3 महिलाओं को सुपोषण टोकरी, 10 किसानों को अरहर मिनी किट, 20 श्रमिकों को श्रम कार्ड और 10 टीमों को क्रिकेट किट बैग सहित अन्य खेल सामग्री भी प्रदान की गई।
<
