गुरुनानक देव के 556वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सोमवार को अंबिकापुर शहर में नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। दोपहर 2:30 बजे गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा से आरंभ हुआ यह नगर कीर्तन श्रद्धा और उत्साह से निकाला गया।
.
कीर्तन यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों जैसे गुरुनानक चौक, केदारपुर, घड़ी चौक, देवीगंज रोड, महामाया चौक, सदर रोड और बाबूपारा से गुजरी और अंत में पुनः बाबूपारा स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में संपन्न हुई। प्रकाश पर्व के अवसर पर पिछले पांच दिनों से प्रतिदिन सुबह 5 बजे प्रभात फेरियां शहर के विभिन्न मार्गों से निकाली जा रही थीं, जिनका समापन भी प्रतिदिन गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में हुआ। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लेते हुए गुरबाणी का कीर्तन किया। सभी ने गुरुनानक देव के उपदेशों का स्मरण किया। नगर कीर्तन और प्रभात फेरियों के दौरान शहरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया।
पूरा नगर भक्ति, प्रेम और भाईचारे की भावना से ओत-प्रोत रहा। नगर कीर्तन में पंज प्यारे की अगुवाई में कीर्तन यात्रा निकाली गई। इस दौरान पंच प्यारे के रूप में सरदार नवराज सिंह बरा, गुरसेवक सिंह भामरा, हरमिंदर सिंह भामरा, गुरदीप सिंह बाबरा व पवनदीप सिंह छाबड़ा शामिल रहे। निशान साहिब की सेवा में जसमीत सिंह चिन्ना और गुरजोत सिंह चावला शामिल रहे। इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा को भव्य रूप से सजाया गया था।
<
