![]()
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में मॉब लिंचिंग मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में मॉब लिंचिंग के एक मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पर एक दलित व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपियों में सरपंच पति भी शामिल है।
.
सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के पतेरापाली गांव में हुई इस घटना में सरपंच जयसुधा चंद्राकर के पति हेमंत चंद्राकर (50), उनके भतीजे मनीष चंद्राकर, अंकित चंद्राकर और लोकेश चंद्राकर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इन पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, जिसमें सदोष मानव वध और सामूहिक रूप से हत्या शामिल है।
केबल चोरी के आरोप में की थी पिटाई
पुलिस के अनुसार, बागबाहरा विकासखंड के रहने वाले कौशल सहिस (50) को शनिवार सुबह पतेरापाली से करीब एक किलोमीटर दूर पटरी पार में ग्रामीणों ने पकड़ा था। उन पर गांव से केबल वायर चोरी करने का आरोप था। ग्रामीणों ने कौशल के हाथ बांधकर उसे पीटते हुए गांव के महावीर चौक तक लाया और वहां भी जमकर पिटाई की।
अगले दिन, रविवार सुबह, कौशल सहिस का शव गांव से लगभग 500 मीटर की दूरी पर मिला। इस घटना से इलाके में तनाव फैल गया था।
शुरुआत में पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की थी। सहिस समाज ने पुलिस पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी, जिसके बाद घटना के पांच दिन बाद एफआईआर दर्ज की गई और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
<
