![]()
कोरबा में मंगलवार शाम आए तेज आंधी-तूफान ने शहर के कई इलाकों को प्रभावित किया। कुसमुंडा के वार्ड नंबर 20 स्थित नेहरू नगर, बांकीमोंगरा में तीन मकानों पर विशाल बरगद और पीपल के पेड़ गिर गए। घटना के समय तीनों परिवार घरों के अंदर मौजूद थे, लेकिन सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए। पेड़ गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घरों में फंसे परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस घटना से जोहन पटेल, नारायण कुमार और जानकी धीवर के परिवार प्रभावित हुए हैं। प्रभावित परिवार बेघर पेड़ गिरने से तीनों घरों में रखा सारा सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इनमें टीवी, अलमारी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, बेड, सिलाई मशीन, खाद्य सामग्री और अन्य घरेलू सामान शामिल हैं। घरों की छत और दीवारों को भी भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे प्रभावित परिवार बेघर हो गए हैं। मकान मालिक जोहन पटेल ने बताया कि वे पिछले 40 सालों से इस मकान में रह रहे हैं। उन्होंने ऐसी तेज आंधी में विशाल पेड़ गिरने की कल्पना नहीं की थी। किसी को चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित जानकी धीवर के अनुसार, तेज आंधी-तूफान, आकाशीय बिजली और बारिश के कारण परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर थे। अचानक तेज आवाज के साथ पेड़ घर पर गिरा। हालांकि, किसी को चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित बाहर निकल गए। उन्होंने बताया कि घर का सारा सामान नष्ट हो गया है। बिजली आपूर्ति और आवागमन भी प्रभावित तेज आंधी-तूफान और बारिश के कारण जिले के कई अन्य क्षेत्रों में भी जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई स्थानों पर बिजली के खंभे और तार टूटने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। सड़कों पर पेड़ गिरने से आवागमन भी प्रभावित हुआ। घटना की सूचना प्रशासन को दे दी गई है। प्रभावित परिवारों ने मुआवजे और तत्काल सहायता की मांग की है। उन्होंने पटवारी और राजस्व टीम द्वारा नुकसान का आकलन करने की भी अपील की है।
<
