कोरबा के टीपी नगर मुख्य मार्ग पर एक अनोखी घटना सामने आई है। बीती रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने सड़क के बीचों-बीच बड़े अक्षरों में ‘I LOVE YOU HS’ लिख दिया। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों और राहगीरों ने जब यह संदेश देखा तो वे हैरान रह गए।
.
यह संदेश सफेद रंग से लिखा गया था और इसके अक्षर इतने बड़े थे कि दूर से ही दिखाई दे रहे थे। ‘HS’ कोड वर्ड के रूप में लिखा गया था, जिसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। यह घटना सुनसान रात के समय को देखकर अंजाम दी गई प्रतीत होती है।

किसी मनचले आशिक ने सड़क पर लिख कर प्यार का इज़हार किया है
प्यार का इजहार करने का यह तरीका गलत:स्थानीय लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस संदेश को देखकर कुछ लोगों ने मुस्कुराया, वहीं कई लोगों ने इसे सार्वजनिक संपत्ति का दुरुपयोग बताते हुए नाराजगी व्यक्त की। लोगों का कहना था कि प्यार का इजहार करने का यह तरीका गलत है और इससे समाज में गलत संदेश जाता है।
राहगीरों ने कहा-‘सिरफिरे आशिक’ की हरकत
स्थानीय राहगीर विजय दुबे ने बताया कि सुबह टहलते समय उन्होंने यह संदेश देखा। उन्होंने इसे किसी ‘सिरफिरे आशिक’ की हरकत बताया। सुबह सफाई कर्मियों ने पानी और झाड़ू से इसे मिटाने का प्रयास किया, लेकिन पेंट या चूने से लिखे होने के कारण इसे पूरी तरह मिटाना मुश्किल हो गया।
राहगीरों का मानना है कि यह हरकत किसी मनचले आशिक की हो सकती है, जिसने रात के अंधेरे में अपनी भावनाओं का इजहार इस तरह करने की कोशिश की। हालांकि, अधिकांश लोगों को प्यार जताने का यह तरीका पसंद नहीं आया। उनका कहना था कि भावनाएं व्यक्त करने के अन्य तरीके भी हो सकते हैं, सड़क को गंदा करना उचित नहीं है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ‘HS’ किसके नाम के अक्षर हैं और यह संदेश किसने लिखा है। टीपी नगर की यह घटना पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग इसे शरारत मान रहे हैं और प्रशासन से सार्वजनिक स्थानों पर ऐसी हरकतों को रोकने के लिए कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
<
