![]()
महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, समाज सुधारक, राष्ट्रभक्त एवं प्रखर अधिवक्ता स्वर्गीय कमलनारायण शर्मा की पुण्य स्मृति में 26 जून को रायपुर में व्याख्यान एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता और राष्ट्रवादी विचारक अश्विनी उपाध्याय मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। समाजसेवी संस्था “जिंदगी ना मिलेगी दोबारा” की तरफ से आयोजित यह कार्यक्रम 26 जून 2026, शुक्रवार को रायपुर स्थित शहीद स्मारक भवन में शाम 4 बजे से शुरू होगा। आयोजन का उद्देश्य स्वतंत्रता सेनानी कमलनारायण शर्मा के जीवन मूल्यों, त्याग और राष्ट्रसेवा को स्मरण करना है। ‘सुरक्षित भारत – चुनौतियां एवं समाधान’ विषय पर व्याख्यान इस वर्ष के व्याख्यान का विषय “सुरक्षित भारत – चुनौतियां एवं समाधान” रखा गया है। कार्यक्रम में भारत की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा, साइबर अपराध, सीमा विवाद, सामाजिक सद्भाव और कानूनी चुनौतियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। सुरक्षा चुनौतियों पर रखेंगे विचार मुख्य वक्ता अश्विनी उपाध्याय राष्ट्रीय सुरक्षा, संविधान और कानूनी सुधारों से जुड़े विषयों के विशेषज्ञ माने जाते हैं। वे भारत के सामने मौजूद सुरक्षा चुनौतियों और उनके संभावित समाधानों पर अपने विचार साझा करेंगे। आयोजकों का मानना है कि उनका व्याख्यान विद्यार्थियों, अधिवक्ताओं, युवाओं और बुद्धिजीवियों के लिए उपयोगी और प्रेरणादायक होगा। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का होगा सम्मान कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के साथ-साथ विधिक सेवा और पत्रकारिता क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को समर्पित सांस्कृतिक एवं स्मृति प्रस्तुति भी आयोजित होगी। नागरिकों से अधिकाधिक उपस्थिति की अपील आयोजन समिति ने रायपुर और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों, शिक्षकों, छात्रों, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं और मीडिया प्रतिनिधियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
<
