कोंडागांव जिले के पश्चिम बोरगांव में 17 वर्षीय छात्र दीप भवाल ने अपनी कला का प्रदर्शन किया है। 11वीं के इस छात्र ने मां दुर्गा सहित लगभग आधा दर्जन प्रतिमाएं तैयार की हैं। इन प्रतिमाओं को उसने अपने ही घर पर स्थापित कर पूजा का आयोजन किया है।
.
दीप ने पढ़ाई के साथ-साथ एक महीने तक दिन-रात मेहनत कर इन प्रतिमाओं को बनाया। उसने मां दुर्गा के साथ काली, गणेश और कार्तिक की प्रतिमाएं भी गढ़ी हैं। दूर-दराज से लोग इन प्रतिमाओं के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। जब छात्र से इस उपलब्धि के बारे में पूछा गया, तो उसने भावुक होकर कहा कि यह सब मां के आशीर्वाद से संभव हुआ।

परिवार उपलब्धि से बेहद खुश
दीप के माता-पिता, सुचित्रा भवाल और शिवम भवाल, अपने बेटे की इस उपलब्धि से बेहद खुश हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी कि उनका बेटा इतनी कम उम्र में ऐसा कर दिखाएगा। उन्होंने बंगाल से आए मूर्तिकारों को देखकर सोचा था कि यह काम आसान नहीं है, लेकिन दीप ने घर पर मां की प्रतिमा गढ़कर उन्हें गर्व महसूस कराया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल कला का प्रदर्शन नहीं, बल्कि आस्था और मेहनत का जीवंत उदाहरण है। गांव में इन दिनों धार्मिक और सांस्कृतिक उत्साह का माहौल है। यह गांव 1962 में बांग्लादेश विभाजन के समय बसाया गया था।
<
