![]()
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की ओर से आयोजित पीएम सूर्य घर उत्कृष्टता पुरस्कार में राज्य को “माह का सौर अभियान सर्वाधिक वेंडर पंजीयन” श्रेणी में द्वितीय स्थान मिला है। यह पुरस्कार 4 जून को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में दिया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सम्मान राज्य के स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत छत्तीसगढ़ ने सौर ऊर्जा को आम लोगों तक पहुंचाने में उल्लेखनीय कार्य किया है, जिसके लिए राज्य को राष्ट्रीय पहचान मिली है। एक माह में 86 नए वेंडर हुए पंजीकृत भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के सचिव संतोष सारंगी ने मुख्य सचिव विकास शील को पत्र भेजकर सम्मान समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दिया है। ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव और पावर कंपनियों के अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह ने इस उपलब्धि के लिए विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी है। छत्तीसगढ़ ने एक महीने में 86 नए वेंडर पंजीकृत किए हैं, जिससे राज्य में कुल वेंडरों की संख्या बढ़कर 1222 हो गई है। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत छत्तीसगढ़ में सौर ऊर्जा का काम तेजी से किया जा रहा है। 1 जून 2026 तक राज्य में 1.93 लाख से ज्यादा आवेदन मिल चुके हैं। इनमें से 61,700 सौर संयंत्र लगाए जा चुके हैं, जबकि 1.32 लाख से अधिक घरों में संयंत्र लगाने का काम चल रहा है। इस योजना के तहत 16 हजार उपभोक्ताओं को शून्य बिजली बिल का लाभ मिल चुका है। साथ ही, हजारों लोगों को केंद्र और राज्य सरकार से अनुदान राशि भी दी गई है।
<
