![]()
छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले ने “स्वास्थ्य-पोषण” श्रेणी में नीति आयोग, भारत सरकार की ओर से आयोजित “नीति फॉर स्टेट्स – यूज केस चैलेंज अवॉर्ड्स” में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह सम्मान जिले में गर्भवती महिलाओं में एनीमिया की कमी लाने के नवा
.
यह पुरस्कार कोंडागांव की कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना को 11 अक्टूबर 2025 को उत्तराखंड के मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) में प्रदान किया गया। नीति आयोग के सीईओ बीवीआर सुब्रमण्यम और अकादमी के डायरेक्टर श्रीराम तरणीकांति ने यह सम्मान सौंपा। कलेक्टर ने इसे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय बताया है।
एनीमिया की दर में गिरावट
पुरस्कार जिले की अभिनव पहल “Reducing Anaemia in Pregnant Women” पर आधारित था। इस पहल में डेटा आधारित विश्लेषण, सतत निगरानी, नवीन हस्तक्षेप और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से उल्लेखनीय परिणाम प्राप्त किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और जनजागरूकता कार्यक्रमों के संयुक्त प्रयासों से जिले में गर्भवती महिलाओं में रक्ताल्पता (एनीमिया) की दर में लगातार गिरावट दर्ज की गई है।
मॉनिटरिंग सिस्टम अपनाया गया
इसके तहत आयरन फोलिक एसिड की नियमित खुराक, पोषण आहार पर प्रशिक्षण, घर-घर स्वास्थ्य परीक्षण और मल्टी-सेक्टरल मॉनिटरिंग सिस्टम जैसी रणनीतियां अपनाई गईं। नीति आयोग ने इस मॉडल को “आकांक्षी जिला कार्यक्रम” के तहत देशभर में एक अनुकरणीय उदाहरण के रूप में चयनित किया है। इस पहल से मातृ व शिशु स्वास्थ्य में स्थायी सुधार लाने का लक्ष्य रखा गया है।
कलेक्टर ने कही ये बातें
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने इस उपलब्धि को जिले की टीम, स्वास्थ्य अमले और समुदाय को समर्पित करते हुए कहा कि यह उपलब्धि कोंडागांव की टीम भावना, सतत प्रयास और सामुदायिक सहभागिता का परिणाम है। हमारा लक्ष्य मातृ और शिशु स्वास्थ्य में स्थायी सुधार लाना है, ताकि हर मां और हर बच्चा स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ा सके।
उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय सम्मान के साथ कोंडागांव ने एक बार फिर यह सिद्ध किया है कि संकल्प, नवाचार और सहयोग से छोटे जिले भी राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। यह उपलब्धि न केवल कोंडागांव, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ राज्य के लिए गर्व का विषय है।
<
