जांजगीर-चांपा: बड़े कब्जों को छोड़ छोटी झोपड़ी तोड़ने पहुंची टीम, महिला ने पी कीटनाशक

जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ ब्लॉक के सिउड़ गांव में सरकारी जमीन से कब्जा हटाने की कार्रवाई के दौरान एक गंभीर घटना सामने आई है। कार्रवाई के लिए पहुंची टीम के सामने ही एक महिला विजय कुमारी धीवर ने कीटनाशक पीकर अपनी जान देने की कोशिश की। महिला ने धान खरीदी केंद्र के प्रबंधक, उपसरपंच और एक अन्य व्यक्ति समेत तीन लोगों पर 50 हजार रुपए की मांग करने और पैसे नहीं देने पर उसका घर तोड़ने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।
यह घटना उस समय हुई जब सिउड़ गांव में धान खरीदी केंद्र के आसपास सरकारी जमीन से कब्जा हटाने की कार्रवाई चल रही थी। विजय कुमारी धीवर अपनी बेटी के साथ एक छोटी सी झोपड़ी में रहती हैं। महिला का कहना है कि उन्होंने लगभग छह महीने पहले ईंटों की दीवार बनाकर तीन फीट जगह में टीन की छत वाला एक छोटा मकान बनाया था।
महिला विजय कुमारी धीवर का आरोप है कि उनके इस छोटे मकान को लेकर धान खरीदी केंद्र के प्रबंधक, उपसरपंच और एक अन्य व्यक्ति ने उनसे 50 हजार रुपए की मांग की थी। महिला के अनुसार, पैसे नहीं देने पर उन्हें मकान तोड़ने की धमकी दी गई थी। बुधवार को जब कुछ लोग जेसीबी मशीन लेकर उनका मकान तोड़ने पहुंचे, तो इस बात पर विवाद शुरू हो गया। इसी विवाद के दौरान महिला ने अपने घर में रखा कीटनाशक पी लिया।
कीटनाशक पीने के बाद परिजनों ने विजय कुमारी धीवर को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलने पर 112 की टीम और नवागढ़ तहसीलदार उमाशंकर जायसवाल भी मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई ग्राम पंचायत स्तर पर की जा रही थी और प्रशासन की टीम पुलिस बल के साथ कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहुंची थी। महिला के जहर पीने की जानकारी मिलते ही अधिकारियों ने कार्रवाई को तुरंत रोक दिया और मौके से वापस लौट गए।
महिला की मां नोनी बाई ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि धान खरीदी केंद्र के आसपास कई बड़े मकान और अन्य अवैध कब्जे हैं, लेकिन कार्रवाई के लिए केवल उनकी बेटी की छोटी झोपड़ी को ही निशाना बनाया जा रहा था। परिजनों ने अधिकारियों से विजय कुमारी धीवर की जान बचाने और उनके मकान को नहीं तोड़ने की गुहार लगाई है।
नवागढ़ पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर विजय कुमारी धीवर का बयान दर्ज किया है। महिला ने अपने बयान में तीन लोगों पर उसे परेशान करने और घर तोड़ने की धमकी देने का आरोप दोहराया है। उसने बताया कि इसी डर और दबाव के कारण उसने कीटनाशक पी लिया। पुलिस के अनुसार, महिला की तबीयत में सुधार होने के बाद मामले की पूरी जानकारी लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सीएसपी योगिताबाली खापर्डे ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सोसायटी के पास एक महिला ने सरकारी जमीन पर कब्जा किया था, जिसे हटाने के लिए राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान महिला ने कीटनाशक पी लिया। पुलिस टीम ने उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। सीएसपी ने बताया कि महिला का बयान दर्ज कर लिया गया है, जिसमें उसने कीटनाशक पीने की बात स्वीकार की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इस घटना के साथ ही सिउड़ धान खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठ रहे हैं। केंद्र में तीन चबूतरे बनाए गए हैं, जहां किसानों के धान की तौल और भंडारण होना है। इस साल शासन ने निर्देश दिए हैं कि धान का तुरंत परिवहन न होने के कारण खरीदी केंद्र में अधिक जगह होनी चाहिए, जिसके लिए केंद्र को दूसरी जगह स्थानांतरित करने के निर्देश भी दिए गए थे। आरोप है कि केंद्र प्रबंधक ने नए स्थान पर अब तक आवश्यक तैयारी नहीं की है। वहीं, खरीदी केंद्र के सामने लाखों रुपए के बारदाने बिना किसी सुरक्षा के खुले में रखे हुए हैं। ऐसे में धान खरीदी शुरू होने से पहले ही केंद्र की व्यवस्था और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर कई सवाल खड़े हो गए हैं।




