![]()
.
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर जिला प्रशासन व समाज कल्याण विभाग द्वारा पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम कवर्धा में वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह, स्वास्थ्य परीक्षण व कार्यशाला का आयोजन हुआ। यहां जिलेभर से आए लगभग 300 वरिष्ठ नागरिकों को शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और नशामुक्ति का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व विधायक सियाराम साहू, जिपं सदस्य रामकुमार भट्ट व अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा किया गया। मुख्य अतिथियों ने वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में अपने विचार व्यक्त किए व नशा मुक्ति का संदेश देते हुए उपस्थित सभी को शपथ दिलाई। कलेक्टर गोपाल वर्मा व अन्य विशिष्ट अतिथियों के मार्गदर्शन में यह आयोजन वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और उनके सामाजिक योगदान की सराहना का प्रतीक बनकर सामने आया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मानजनक वातावरण का निर्माण करना, उन्हें शासन द्वारा प्रदत्त अधिकारों व कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा युवा पीढ़ी में अपने वृद्ध माता-पिता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना था। समारोह में स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और नशामुक्ति संदेश सहित विविध गतिविधियां आयोजित की गईं, जिससे वरिष्ठ नागरिकों को न केवल सम्मान मिला बल्कि उन्हें स्वास्थ्य व जीवनशैली से जुड़ी उपयोगी जानकारियां भी प्रदान की गईं।
विशेषज्ञों ने वरिष्ठों को कानून की जानकारी दी कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने वरिष्ठ नागरिकों को उपयोगी मार्गदर्शन दिया। डॉ. रोशनी पटेल ने दांत की देखभाल, अनुपमा तिवारी ने व्यय वंदन कार्ड योजना, डॉ. क्षमा चोपड़ा ने नेत्र देखभाल पर जानकारी दी। तरुण सिंह ठाकुर ने माता-पिता व वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम 2007 के बारे में बताया। इस अवसर पर नपा अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चन्द्रवंशी, योगेश चन्द्रवंशी, हरीश साहू, सीएमएचओ डॉ. डीके तुर्रे, योगेन्द्र सिंह गहरवार, अधीक्षक देवकुमार कौशिक, बालाराम साहू, हेमधर साहू, डीओसी अजय चन्द्रवंशी आदि उपस्थित थे।
<
