![]()
.
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टटेंगा में विद्यार्थियों के लिए समस्याओं के समाधान के लिए करियर गाइडेंस दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य आरके देवांगन ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को 12वीं के बाद उपलब्ध सरकारी नौकरियों और उच्च शिक्षा के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी किसी भी विषय के हों, 12वीं के बाद पटवारी, पुलिस, एसएससी, एनडीए, रेलवे ग्रुप-डी, ड्राइवर, चपरासी, स्टेनोग्राफर, सहायक शिक्षक आदि पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं।
रुचि के अनुसार आईटीआई, इंटीरियर डेकोरेशन, फैशन डिजाइन, एनीमेशन, संगीत, कला, कानून, पत्रकारिता, होटल प्रबंधन, मनोविज्ञान आदि विषयों में अध्ययन कर अपने भविष्य को सफल बना सकते हैं। वाणिज्य विषय की व्याख्याता हेपशीबा एंथोनी ने विद्यार्थियों को वाणिज्य के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लगन और मेहनत से विद्यार्थी बीकॉम, चार्टर्ड अकाउंटेंट, कंपनी सेक्रेटरी, बिजनेस मैनेजमेंट, बीकॉम-एलएलबी, वित्तीय योजनाकार के रूप में करियर बना सकते हैं। कार्यक्रम के प्रभारी अजय पाठक ने कहा कि पीसीएम के विद्यार्थी बीएससी, इंजीनियरिंग, आर्किटेक्चर, बीसीए, पायलट आदि कोर्स कर सकते हैं। पीसीबी के विद्यार्थी नीट परीक्षा पास कर भविष्य बना सकते हैं।
फैशन डिजाइनिंग, होटल मैनेजमेंट के बारे में बताया कला विषय के विद्यार्थियों के लिए बताया गया कि वे बीए, बीए-एलएलबी, बीएड, पत्रकारिता, फैशन डिजाइनिंग, होटल मैनेजमेंट, ग्राफिक डिजाइनिंग, इवेंट मैनेजमेंट, सामाजिक कार्य, जनसंपर्क और संपादन जैसे क्षेत्रों में कॅरियर बना सकते हैं। इस अवसर पर वरिष्ठ व्याख्याता चंद्रमणि वासनिक, टीएल देवांगन, रेशमी साहू, चंद्रा देबनाथ, पवन सिन्हा, हर्षा देवांगन, रीना बोरकर, भागवत साहू, वेद प्रकाश साहू, महेश रावटे, रवि देवांगन, बिंदु पटेल, बिंदु साहू सहित विद्यालयों के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
<
