![]()
.
जिले में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत जिला स्तरीय सास-बहू सम्मेलन का आयोजन बैकुंठपुर के मानस भवन में किया गया। यह कार्यक्रम कोरिया कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के निर्देश पर जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की ओर से हुआ। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व, स्वस्थ परिवार, महिला व बाल विकास सहित सामाजिक कुरीतियों से मुक्ति के लिए जागरूक करना रहा। इस अवसर पर न्यू लाइफ हेल्थ एंड एजुकेशन सोसायटी द्वारा संचालित न्यू लाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
संस्था की छात्राओं ने सम्मेलन में आयोजित विभिन्न गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और प्रतियोगिता में विजेता बनीं। उन्हें कलेक्टर चंदन त्रिपाठी व जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। सम्मेलन के दौरान रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ, जिसमें बीएससी. नर्सिंग के सभी सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के विषय बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिला सशक्तिकरण और बाल विवाह निषेध रखे गए थे। छात्राओं ने इन थीम पर बेहतरीन प्रस्तुति दी, जिसमें न्यू लाइफ संस्थान की छात्राएं प्रथम व द्वितीय स्थान पर रहीं।
कलेक्टर त्रिपाठी ने इस अवसर पर कहा कि महिलाओं और बच्चियों के स्वास्थ्य व पोषण में सुधार लाने के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा। स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार और सशक्त समाज की आधारशिला है। उन्होंने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें प्रेरणा स्रोत बताया। यह अभियान भारत सरकार की महत्वपूर्ण पहल है, जिसका लक्ष्य मातृ व शिशु मृत्यु दर को कम करना, महिलाओं में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना और बच्चों के पोषण स्तर को सुधारना है। सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाएं, छात्राएं, स्वास्थ्य कर्मी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
<
