![]()
राजनांदगांव के सोमानी थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची को नियमों के खिलाफ रात में थाने में रखकर प्रताड़ित करने और गलत मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मानसिक रूप से परेशान करने के मामले में शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव कर सभी आरोपियों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। इससे पहले पूर्व महापौर हेमा देशमुख ने कांग्रेस पदाधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने बच्ची का हौसला बढ़ाते हुए कहा, “पढ़ाई इतनी करो कि एक अच्छी पुलिस ऑफिसर बनकर उनको संदेश दो…और यह साबित करो कि मैं कभी किसी पर अन्याय होने नहीं दूंगी।” पूर्व महापौर ने प्रशासन पर निशाना साधते हुए चेतावनी दी है कि यदि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय नहीं मिला, तो वे एक उग्र आंदोलन की शुरुआत करेंगे। TI और महिला प्रधान आरक्षक सस्पेंड इस मामले में पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने सोमनी थाना प्रभारी (TI) और एक महिला प्रधान आरक्षक (सिपाही) को तुरंत निलंबित कर दिया है। जबकि इस मामले की दो जांच एक साथ चल रही हैं, एक पुलिस विभाग द्वारा और दूसरी जिला प्रशासन द्वारा। ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) और ड्यूटी डॉक्टर समेत सभी आरोपियों के खिलाफ जांच रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसे आगे की कार्रवाई के लिए कलेक्टर को भेजा जाएगा। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जांच की जाएगी।
<
