छत्तीसगढ़ के धमतरी में नवरात्र के अष्टमी पर पुलिस ने गुम हुए 108 मोबाइल उनके मालिकों को लौटा दिए। इस अवसर पर साइबर जागरूकता रथ भी रवाना किया गया, जिसने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
.
धमतरी जिले की साइबर सेल टीम ने एक अभियान के तहत कुल 108 गुम और चोरी हुए मोबाइल बरामद किए। इन मोबाइलों को गांधी मैदान में आयोजित एक कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के हाथों उनके मालिकों को सौंपा गया। पुलिस के अनुसार, साइबर सेल ने अब तक लगभग 500 मोबाइल रिकवर किए हैं।

साइबर धोखाधड़ी के खिलाफ किया जागरूक
मोबाइल वापस मिलने पर मालिकों ने खुशी व्यक्त की। इस दौरान लोगों को साइबर धोखाधड़ी और यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस ने नागरिकों से अपने मोबाइल सुरक्षित रखने और उसमें मौजूद महत्वपूर्ण जानकारियों का ध्यान रखने की अपील की।

लालच में न आएं और हमेशा जागरूक रहें- SP
एसपी सूरज सिंह परिहार ने कहा कि किसी भी प्रकार के लालच में न आएं और हमेशा जागरूक रहें। उन्होंने जोर दिया कि सतर्कता से न केवल व्यक्ति स्वयं सुरक्षित रहेगा, बल्कि साइबर अपराध जैसी घटनाओं में भी कमी आएगी।
एसपी परिहार ने बताया कि इस वर्ष साइबर सुरक्षा, यातायात नियम और नशा मुक्ति पर आधारित 100 से अधिक जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से हजारों नागरिकों को जागरूक किया जा चुका है।

<
