![]()
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के भखारा क्षेत्र के ग्राम मड़ाई भाठा में बुधवार को मतांतरित व्यक्ति की मौत के बाद उसके अंतिम संस्कार को लेकर विवाद हो गया। शव को गांव में दफनाने की तैयारी की जानकारी मिलने पर हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और प्रशासन से आपत्ति जताई। हिंदू जागरण मंच का कहना था कि संबंधित व्यक्ति ने मतांतरण के बाद अलग धार्मिक पद्धति अपनाई थी, इसलिए अंतिम संस्कार भी उसी धर्म की परंपराओं और निर्धारित स्थल पर किया जाना चाहिए। संगठन के पदाधिकारियों ने इस संबंध में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को जानकारी दी। मामले की जानकारी मिलते ही भखारा थाना पुलिस ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए सभी पक्षों से चर्चा की। प्रशासनिक हस्तक्षेप और स्थानीय स्तर पर हुई बातचीत के बाद सहमति बनी कि शव का अंतिम संस्कार गांव में न कर ईसाई कब्रिस्तान में किया जाए। इसके बाद संबंधित व्यक्ति के शव को देर शाम ईसाई कब्रिस्तान में दफनाया गया। घटना के दौरान हिंदू जागरण मंच के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। संगठन ने प्रशासन और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे संभावित विवाद टल गया और क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रही। हिंदू जागरण मंच के सदस्य डाकेश्वर साहू ने कहा कि संगठन सनातन संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक मर्यादाओं के संरक्षण के लिए कार्य करता रहेगा और किसी भी विषय पर लोकतांत्रिक और वैधानिक तरीके से अपनी बात रखेगा। उन्होंने यह भी कहा कि सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और किसी भी विवाद का समाधान कानून एवं प्रशासन के माध्यम से ही किया जाना चाहिए।
<
