रायपुर32 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

राजधानी में बैंक से लोन दिलाने के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है।
आरोपियों ने पीड़ित को आसान तरीके से लोन दिलाने का झांसा देकर उसके दस्तावेज हासिल किए और उसकी जानकारी के बिना अलग-अलग बैंकों से 27 लाख 50 हजार रुपए का लोन निकालकर गबन कर लिया। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अब पढ़े क्या है पूरा मामला
पंडरी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित कृष्णा राव को आरोपियों जीतेश कुमार चंद्राकर और होरी लाल ने संपर्क कर भरोसा दिलाया कि वे उसे बैंक से आसानी से लोन दिलवा देंगे। इस प्रक्रिया के लिए उन्होंने पीड़ित से जरूरी दस्तावेज और 5 हजार रुपए नगद जमा कराए। आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही लोन स्वीकृत हो जाएगा।
बताया जा रहा है कि 3 जुलाई 2025 से 25 अगस्त 2025 के बीच आरोपियों ने पीड़ित के दस्तावेजों का दुरुपयोग करते हुए विभिन्न बैंकों से उसके नाम पर कुल 27.50 लाख रुपए का लोन ले लिया। हैरानी की बात यह रही कि पीड़ित को इस पूरी प्रक्रिया की कोई जानकारी नहीं दी गई।

पंडरी पुलिस मामले में केस दर्ज करके जांच कर रही है।
किश्तों का नोटिस आने में ठगी की जानकारी हुई
जब बैंक की ओर से किश्तों और बकाया राशि को लेकर नोटिस आने लगे, तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में अपराध दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

<
